रायबरेली। खम्हरिया पूरे कुशल गांव में दो गुटों के बीच हुए बवाल का मामला तूल पकड़ रहा है। एक पक्ष ने सोमवार को आरोप लगाया कि विपक्षियों ने जिला अस्पताल में भर्ती मारपीट में घायल चचेरे भाइयों को धमकाया। हंगामा करते हुए देख लेने की धमकी दी। पुलिस दोनों पक्षों की तहरीर पर एक-दूसरे के खिलाफ केस दर्ज करके प्रकरण की जांच कर रही है।
शनिवार की शाम पांच बजे खम्हरिया पूरे कुशल गांव में दो गुटों के बीच मारपीट हो गई थी। एक पक्ष के लव सिंह का आरोप था कि उनके सगे भाई लकी सिंह, चचेरे भाई जितेंद्र सिंह खेत से घर लौट रहे थे। रंजिश के चलते विकास सिंह, भूपेंद्र सिंह, ज्ञानेंद्र सिंह ने मारपीट की। इसमें लकी, जितेंद्र गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिनका जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है।
लव का आरोप है कि रविवार देर रात हमलावर जिला अस्पताल पहुंचकर घायल लकी, जितेंद्र को जान से मारने की धमकी दी। विरोध किया गया तो विपक्षियों ने हंगामा किया। अस्पताल में तैनात गार्डों ने दखल दिया तो हमलावर फरार हो गए। उधर, दूसरे पक्ष के भूपेंद्र बहादुर सिंह का आरोप है कि बेटे विकास सिंह ने ग्राम प्रधान के कार्यों की जनसूचना मांगी थी।
इससे नाराज होकर रघुराज प्रताप सिंह, कुंवर दिलीप सिंह, लकी सिंह, लवी सिंह ने उनके बेटे को पीटकर घायल कर दिया। बेटे का जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है। सलोन कोतवाली प्रभारी शिवशंकर सिंह ने बताया कि दोनों पक्षों की तहरीर पर केस दर्ज किया गया है। जांच के बाद प्रकरण में कार्रवाई होगी।