खीरों (रायबरेली)। गुरुबख्शगंज थाना क्षेत्र के भीतरगांव में शुक्रवार देर रात तिलक समारोह से वापस आते समय ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर पलट गया।
इससे ट्रैक्टर पर सवार चार लोग घायल हो गए। आसपास मौजूद लोगों ने घायलों को सीएचसी खीरों पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने चालक को मृत घोषित कर दिया।
खीरों के सलीमापुर गांव निवासी प्रमोद कुमार (35) अपने गांव के लल्ला लोधी की ससुराल इमिलिहन खेड़ा थाना मौरावां जिला उन्नाव में तिलक समारोह में अपने ट्रैक्टर से गया था।
देर रात वह ट्रैक्टर लेकर वापस लौट रहा था। प्रमोद के साथ गांव के बीरपाल लोधी (20), केश बहादुर लोधी (30), शिवम लोधी (12) भी ट्रैक्टर में सवार थे।
जैसे ही सभी लोग मां आनंदी मंदिर भीतर गांव के पास पहुंचे, तभी ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर सड़क के किनारे खेतों में जाकर पलट गया।
इससे प्रमोद ट्रैक्टर के नीचे दब गया। जबकि अन्य लोग बाहर गिर गए। घायलों का शोर सुनकर आसपास के लोग दौड़े। ट्रैक्टर के नीचे दबे प्रमोद को बाहर निकाला।
सभी को एंबुलेंस से सीएचसी खीरो पहुंचाया गया, जहां डॉक्टर सुनील यादव ने प्रमोद को मृत घोषित कर दिया। अन्य घायलों को इलाज के बाद घर भेज दिया गया।
प्रमोद की दस वर्ष पूर्व शादी हुई थी, लेकिन आपस में विवाद होने के कारण एक साल पहले तलाक हो गया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।