जगतपुर (रायबरेली)। कोतवाली क्षेत्र में मंगलवार रात परशुरामपुर ठेकहाई के पास बेकाबू ट्रक की टक्कर से बाइक सवार पिता-पुत्र की मौत हो गई। हादसे की सूचना से परिवारीजनों में कोहराम मच गया।
जगतपुर के परशुरामपुर ठेकहाई गांव निवासी सिद्धनाथ (34) अपने बेटे अभिषेक (7) के साथ घर आ रहा था। सलोन की तरफ से आ रहे अज्ञात ट्रक ने मोटरसाइकिल में जोरदार टक्कर मार दी, जिससे पिता-पुत्र गंभीर रूप से घायल हो गए।
परिवारीजनों की मदद से जगतपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां पर अभिषेक को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया और गंभीर रूप से घायल पिता सिद्धनाथ का प्राथमिक उपचार कर उसे जिला चिकित्सालय भेज दिया, जहां पर इलाज के दौरान सिद्धनाथ की भी मौत हो गई।
परिवारीजन पवन कुमार ने बताया कि हादसे में पिता-पुत्र की जान गई। पिता-पुत्र की मौत से परिवार में कोहराम मच गया। पत्नी सरला के आंसू नहीं थम रहे हैं।
मृतक सिद्धनाथ छोटी दुकान कर परिवार का भरण पोषण करता था। कार्यवाहक कोतवाल असगर अली ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। अभी तक कोई तहरीर नहीं मिली है।