ऊंचाहार (रायबरेली)। कोतवाली क्षेत्र के कोटिया चित्रा गांव के पास अनियंत्रित बाइक पेड़ से टकरा गई। इससे बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
पुलिस ने घायल को सीएचसी में भर्ती कराया, जहां से उसे जिला अस्पताल भेज दिया गया। हालत में सुधार न होने पर डॉक्टरों ने उसे लखनऊ रेफर कर दिया। लखनऊ जाते समय रास्ते में उसकी मौत हो गई। घटना से परिवारीजनों में कोहराम मच गया।
मंगलवार देर शाम कोतवाली क्षेत्र के गोकना गांव निवासी रामबाबू प्रजापति उर्फ बब्बू (18) अरखा गांव बरात जा रहा था। कोटिया चित्रा गांव के पास उसकी बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से टकरा गई।
इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने उसे सीएचसी में भर्ती कराया, जहां डॉक्टरों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया, लेकिन वहां भी हालत में कोई सुधार नहीं हुआ।
डॉक्टरों ने उसे लखनऊ ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया, लेकिन लखनऊ जाते समय उसकी रास्ते में ही मौत हो गई। घटना से परिवारीजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। कोतवाल विनोद कुमार सिंह ने बताया कि तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।