खीरों (रायबरेली)। रायबरेली-उन्नाव जिले की सीमा पर गुरुवार शाम बेकाबू बोलेरो की टक्कर से युवती समेत दो की मौत हो गई। वहीं एक किशोर घायल हो गया। हादसा उन्नाव जिले स्थित एक गांव के पास हुआ। सूचना पर उन्नाव जिले की पुलिस ने पहुंचकर हादसे की जांच की। शुक्रवार को युवती और युवक के शव गांव पहुंचने पर कोहराम मच गया।
खीरों थाना क्षेत्र के पाहो गांव निवासी अशोक कुमार (35) अपने पड़ोस की रहने वाली आशा देवी के खेतों में पड़े गेहूं के बोझ काटने के लिए उसके बेटे आकाश (16), बेटी रीना (18) के साथ शाम छह बजे घर से बाइक से निकले थे।
तीनों लोग जैसे ही उन्नाव जनपद की सीमा पर स्थित चंदन खेड़ा गांव के पास पहुंचे, तभी गुरुबख्शगंज-मौरावां मार्ग पर एक बोलेरो ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में अशोक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि रीना गंभीर रूप से घायल हो गई।
रीना का भाई आकाश बाल-बाल बच गया। मौके पर पहुंची उन्नाव पुलिस ने रीना को पहले मौरावां व वहां से उन्नाव अस्पताल ले गए, जहां हालत नाजुक होने पर उसे लखनऊ रेफर कर दिया, लेकिन रास्ते में रीना ने भी दम तोड़ दिया।
अब कैसे होगी बच्चों की परवरिश
अशोक लुधियाना में मजदूरी करता था। मां गंगा देवी की तबियत खराब होने के कारण 15 मार्च को वह घर आया था, लेकिन इलाज के बाद भी मां गंगादेइ की 29 मार्च को मौत हो गई थी, जिसके चलते वह वापस लुधियाना नहीं गया था। अशोक की पत्नी ऊषा देवी ने बताया कि आर्थिक स्थित बहुत खराब थी। पुराना घर जर्जर होने के कारण बीते पांच साल से हम लोग पड़ोसी बिंदा प्रसाद के मकान में रहकर गुजर-बसर कर रहे हैं। पति अशोक की मौत के बाद हमारे बच्चों की परवरिश कैसे होगी। यह कहकर वह रोते हुए बेहोश हो जाती है।