सलोन-डीह (रायबरेली)। वाहन चेकिंग के लिए सड़कों पर रखे पुलिस बैरियर लोगों की मौत का सबब बन रहे हैं। आए दिन हो रही दुर्घटनाओं के बाद भी पुलिस इससे सबक लेने को तैयार नहीं है।
सलोन कोतवाली क्षेत्र में बुधवार रात पुलिस चेकिंग के लिए सड़क पर रखे बैरियर में बाइक टकराने से एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसके दो साथी घायल हो गए। हादसे के बाद भी पुलिस ने सड़क से बैरियर नहीं हटवाए। इससे लोगों में नाराजगी रही। उनका कहना है कि बैरियर की वजह से आए दिन हादसे होते हैं।
जौनपुर जिले के मछलीशहर थाना क्षेत्र के मतरी मथुरा गांव निवासी देवेश उपाध्याय (28) बुधवार रात अपने दो साथियों के साथ बाइक से लखनऊ जा रहा था। तभी सूची पुलिस चौकी चौराहे पर सड़क पर रखे पुलिस बैरियर से उसकी बाइक टकरा गई।
टक्कर इतनी तेज थी कि देेवेश की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि हादसे में उसके साथी जौनपुर जिले के कौरहा मछलीशहर निवासी मनीष पाठक (33), महराजगंज निवासी सिंटूू मिश्रा (32) घायल हो गए। घटना की जानकारी पर आसपास के लोगों ने घायलों को जिला अस्पताल भेजा। दुर्घटना के बावजूद पुलिस ने सड़क पर रखे बैरियर नहीं हटाए, जिससे लोगों में नाराजगी है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि चेकिंग के समय बैरियर लगाए जाएं। इसके बाद इन्हें हटा लिया जाए तो हादसे न हों। इसके बावजूद सूची चौकी पुलिस सबक लेती नजर नहीं आ रही है। सूची चौकी इंचार्ज मृत्युंजय बहादुर ने बताया कि बुधवार देर रात बाइक सवार चौराहे के पास रखें पुलिस बैरियर से टकरा गए थे, जिसमें देवेश उपाध्याय की मौत हुई है। ये सभी एक ही बाइक पर सवार होकर किसी काम के सिलसिले में लखनऊ जा रहे थे।
वाहन चेकिंग के लिए और अपराधियों की धरपकड़ के लिए सड़क पर पुलिस की तरफ बैरियर लगाए जाते हैं। बाइक तेज रफ्तार चलाने की वजह से हादसा हुआ। इसमें हादसे की वजह पुलिस बैरियर नहीं हैं। लोगों को चाहिए कि पुलिस बैरियर पर धीमी गति से वाहन चलाएं। बुधवार रात हुआ हादसा भी लापरवाही की वजह से हुुआ। फिलहाल पूरे घटनाक्रम की जांच कराई जा रही है।
इंद्रपाल सिंह, सीओ, सलोन