ऊंचाहार क्षेत्र के अरखा गांव के पास बृहस्पतिवार को खंभे पर चढ़ा युवक।
रायबरेली। प्रेमिका का विवाह दूसरी जगह तय होने पर युवक पावर ग्रिड के टावर पर चढ़ गया। युवक को टावर पर चढ़ा देख लोगों के होश उड़ गए। ग्रामीण उसे समझाने का प्रयास करते रहे। जानकारी पर पुलिस पहुंची। युवक को टावर से नीचे उतारने का प्रयास किया। करीब ढाई घंटे के हाईवोल्टेज ड्रामे के बाद युवक नीचे उतरा।
ऊंचाहार के बंधवा मजरे अरखा गांव का विशाल (28) बृहस्पतिवार शाम को अरखा के पास से पावर ग्रिड के लिए गुजरी हाइटेंशन लाइन के टावर के ऊपरी हिस्से पर चढ़कर बैठ गया। वहां से वह चिल्ला-चिल्लाकर मरने की बात कहने लगा। कोतवाल संजय कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और युवक को नीचे उतरने को कहा तो उसने मना कर दिया।
कोतवाल ने कहा ये क्या कर रहे हो भाई, तो वह फिल्मी अंदाज में उनसे बात करते हुए ऊपर से कूद जाने की बात कहने लगा। करीब ढाई घंटे बाद पुलिस व गांव वालों ने युवक को समझाया, तो वह नीचे उतरने के लिए तैयार हो गया। उसने पुलिस को बताया कि वह गांव की एक लड़की से प्यार करता है। उसकी शादी किसी दूसरे के साथ तय हो गई है।
इस पर पुलिस ने उसे समझाकर घर वालों के सुपुर्द कर दिया। कोतवाल ने बताया कि युवक प्रेमिका की शादी तय होने से नाराज होकर चढ़ा था। उसे समझाकर घर भेजा गया है।