अमावां (रायबरेली)। रायबरेली-अयोध्या हाईवे पर मंगलवार सुबह मौरंग लदे ट्रेलर ने खनन अधिकारी सुरेश लकड़ा की एसयूवी को जोरदार टक्कर मार दी। इससे वह घायल हो गए, जबकि उनकी एसयूवी क्षतिग्रस्त हो गई। टीम में शामिल अन्य कर्मचारी बच गए। हादसे के बाद चालक ट्रेलर लेकर भाग निकला। पुलिस ने मामले में प्राथमिकी दर्ज की है। ट्रेलर चालक की तलाश की जा रही है।
खनन अधिकारी के मुताबिक सुबह करीब चार बजे टीम के साथ रायबरेली-अयोध्या हाईवे पर शारदा नहर के पास ओवरलोड वाहनों की जांच कर रहे थे। इसी दौरान उनके कर्मचारियों ने एक संदिग्ध मौरंग लदे ट्रेलर को रुकवाने का प्रयास किया। चालक ने गाड़ी रोकने के बजाय उनकी एसयूवी में टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि गाड़ी क्षतिग्रस्त हो गई। इसके बाद चालक मौके से गाड़ी लेकर भाग निकला। हादसे में उन्हें मामूली चोटें आई हैं। मिल एरिया प्रभारी संजय कुमार ने बताया कि मामले में अज्ञात चालक के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई है। चालक की तलाश की जा रही है।