ऊंचाहार में क्रासिंग के बूम की मरम्मत करते रेल कर्मी।
ऊंचाहार। रेलवे स्टेशन के निकट स्थित कोतवाली रोड की क्रॉसिंग के गेट सोमवार को सुबह तेज रफ्तार वाहन ने तोड़ दिया। यह घटना उस समय घटी, जब ऊंचाहार स्टेशन से रायबरेली जाने वाली पैसेंजर ट्रेन को रवाना किया जाना था।
गेट टूटने से पैसेंजर ट्रेन को सिग्नल नहीं मिल सका, जिससे ट्रेन रुकी रही। स्लाइडिंग गेट लगाने के बाद ट्रेन रवाना की गई, इसके बाद दो घंटे तक मरम्मत कार्य चला। इस दरम्यान यातायात करीब दो घंटे तक ठप रहा, जिससे वाहन चालकों को दिक्कत हुई।
सुबह करीब 9:30 बजे रायबरेली-ऊंचाहार पैसेंजर ट्रेन ऊंचाहार स्टेशन पहुंची। आधा घंटा रुकने के बाद यह ट्रेन रायबरेली लौटने के लिए तैयार हुई। सुबह 10 बजे जैसे ही ऊंचाहार-रायबरेली पैसेंजर को रवाना करने के लिए कोतवाली रोड की क्रॉसिंग संख्या 43-सी को गेटमैन गोबिंद ने बंद किया। इसी दौरान तेज रफ्तार पिकअप ने क्राॅसिंग पार करने की कोशिश की और टक्कर लगने से गेट टूटकर जमीन पर गिर गया। यह देख गेटमैन ने तुरंत स्टेशन को सूचना दी, ताकि ट्रेन को रोका जा सके। आरपीएफ को भी घटना से अवगत कराया।
ऊंचाहार स्टेशन से आरपीएफ की टीम मौके पर पहुंची और पिकअप को कब्जे में लेकर चालक को पकड़ लिया। आरपीएफ प्रभारी एसके सिंह ने बताया कि गेट तोड़ने के मामले में प्राथमिकी दर्ज की गई है।