रायबरेली। चार दिवसीय छठ महापर्व के दूसरे दिन शनिवार को व्रती महिलाओं ने खरना किया। सुबह से उपवास रखने के बाद शाम को भगवान सूर्य की पूजा-अर्चना की और गुड़, दूध व चावल से बनी खीर तथा रोटी का प्रसाद ग्रहण किया। इसके साथ ही 36 घंटे का निर्जला व्रत शुरू हो गया। महिलाओं ने समूहों में छठ मइया के गीत गाते हुए प्रसाद तैयार किया और परिवार के सदस्यों व श्रद्धालुओं में वितरित किया।
छठ पर्व को लेकर शहर के घंटाघर, कैपरगंज, जिला अस्पताल चौराहा और सुपर मार्केट समेत प्रमुख बाजारों में चहल-पहल रही। रविवार को डूबते सूर्य को अर्घ्य देने के लिए महिलाओं ने सूप, डलिया, मिट्टी की हांडी, सुपारी, पान के पत्ते, कांच की चूड़ियां, नींबू, नारियल और गन्ने की खरीदारी की। आईटीआई, कल्लू का पुरवा, शक्तिनगर, इंदिरा नगर, कृष्णानगर और रेलवे कॉलोनी समेत कई मोहल्लों में छठ मइया के गीत गूंजते रहे।
घाटों पर सुरक्षा के रहेंगे पुख्ता इंतजाम
छठ पर्व पर डूबते और उगते सूर्य को अर्घ्य देने के लिए सई नदी और शारदा नहर के घाटों पर तैयारियां की गई हैं। शहर के राजघाट, मुंशीगंज स्थित सई नदी तट और सुल्तानपुर रोड स्थित शारदा नहर किनारे पूजा स्थलों पर साफ-सफाई कराने के साथ जमीन समतल कराई गई। नगर पालिका के अधिकारियों ने शनिवार को तैयारियों का जायजा लिया। पूजा स्थलों पर बैरिकेडिंग कराई जा रही है। सुरक्षा के लिए पुलिसकर्मियों के साथ नाव और गोताखोर भी तैनात रहेंगे।
रायबरेली शहर के सत्यनगर मोहल्ले में घर में खरना की पूजा करतीं महिलाएं।
रायबरेली शहर के सत्यनगर मोहल्ले में घर में खरना की पूजा करतीं महिलाएं।
रायबरेली शहर के सत्यनगर मोहल्ले में घर में खरना की पूजा करतीं महिलाएं।