रायबरेली। बदमाशों की गोली लगने से घायल सराफा व्यवसायी जिंदगी की जंग हार गया। व्यापारी ने इलाज के दौरान बुधवार की देर रात लखनऊ ट्रॉमा सेंटर में दम तोड़ दिया। सराफा व्यवसायी की हत्या से दुकानदारों में नाराजगी है। हालांकि पुलिस इस मामले को लूट का प्रयास नहीं मान रही है। पुलिस यही राग अलाप रही है कि सोने की चेन को लेकर हुए विवाद में ही घटना को अंजाम दिया गया था। पुलिस ने तीन अज्ञात हमलावरों के खिलाफ केस दर्ज किया है, लेकिन हमलावर पकड़ से दूर हैं।
शहर के दाउद नगर निवासी एवं सराफा व्यवसायी दीपक पटेल (20) पुत्र रामसागर पटेल पर उस समय बदमाशों ने बुधवार रात हमला बोल दिया था, जब वह अहियारायपुर स्थित अपनी दुकान पर बैठा था। बदमाशों ने ताबड़तोड़ गोलियां चलाई थीं। उसे तीन गोली लगी थी। यही नहीं उसे बचाने दौड़े सेल्समैन नासिर (35) निवासी शेखवाड़ा किला बाजार सदर कोतवाली को भी बदमाशों ने पैर में गोली मारकर घायल कर दिया था। व्यवसायी दीपक को हालत गंभीर होने पर लखनऊ रेफर कर दिया गया था। सदर कोतवाल ओपी यादव का कहना है कि इलाज के दौरान देर रात दीपक की मौत हो गई। तीन अज्ञात हमलावरों के खिलाफ धारा 307 में केस दर्ज किया गया था। दीपक की मौत के बाद मामला हत्या में तरमीम कर दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि सोने की चेन को लेकर विवाद हुआ था, जिसके चलते दीपक की गोली मारकर हत्या की गई थी। जांच में लूटपाट के प्रयास की कोई बात सामने नहीं आई है। जल्द हमलावर पकड़े जाएंगे।