रायबरेली। महिला अस्पताल में रविवार को जच्चा-बच्चा की मौत होने पर गुस्साए परिवारीजनों ने जमकर हंगामा किया। इससे महिला अस्पताल में कई घंटे तक अफरातफरी का माहौल रहा। परिवारीजनों का आरोप है कि डॉक्टर के इलाज में लापरवाही बरतने के चलते जच्चा-बच्चा की मौत हुई है। पीड़ित परिवार का कहना है कि वह मामले की शिकायत डीएम से करेंगे। फिर भी कार्रवाई नहीं की गई तो धरने पर बैठेंगे।
ऊंचाहार कस्बा निवासी प्रेमशंकर की पत्नी सीता को प्रसव पीड़ा होने पर रविवार को महिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। पति के मुताबिक डॉ. रेनू चौधरी ने खून की कमी बताकर सीता के इलाज में लापरवाही बरती। सीता ने बच्चे को जन्म दिया, लेकिन कुछ देर बाद ही नवजात की मौत हो गई। बच्चे की मौत होते ही परिवारीजन आक्रोशित हो उठे। इसी बीच सीता ने भी दम तोड़ दिया तो घरवालों ने अस्पताल में हंगामा शुरू कर दिया। यही नहीं डॉक्टर के खिलाफ नारेबाजी भी की। सभी का आरोप था कि डॉक्टर ने इलाज में लापरवाही बरती है। ऐसे में उनके खिलाफ कार्रवाई की जाए। उधर, इस संबंध में जिला अस्पताल की सीएमएस रीता भाटिया से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनका सीयूजी नंबर स्विच ऑफ था।