रायबरेली। यूपी बोर्ड परीक्षा में गुरुवार को पहली पाली में हाईस्कूल संस्कृत और दूसरी पाली में इंटरमीडिएट जीव विज्ञान की परीक्षा हुई। दिन भर में तीन लड़कियां नकल करते पकड़ीं गई। अब तक बोर्ड परीक्षा में 11 नकलची पकड़े जा चुके हें, जिसमें नौ लड़कियां और दो लड़के शामिल हैं।
गुरुवार को सुबह की पाली में हाईस्कूल में संस्कृत प्रथम पेपर की परीक्षा थी। सचल दस्तों ने नकलचियों को पकड़ने का प्रयास किया, तो पहली पाली में प्रधानाचार्या रश्मि शर्मा के सचल दस्ते ने दो नकलची पकड़े। टीम ने जनपद इंटर कॉलेज हरचंदपुर में छात्रा और सुभाष चंद्र बोस इंटर कॉलेज सुंदरगंज में एक अन्य छात्रा को नकल करते पकड़ा। दूसरी पाली में इंटरमीडिएट में जीव विज्ञान प्रथम पेपर की परीक्षा हुई। इसमें बेसिक शिक्षा अधिकारी संदीप चौधरी ने गौतमबुद्ध इंटर कॉलेज पखरौली में छात्रा को नकल करते पकड़ा। अन्य सचल दस्तों को नकलची पकड़ में नही मिले। खास बात यह कि इस बार बोर्ड परीक्षा में अब तक 11 नकलची पकडे़ गए हैं जिसमें नौ लड़कियां ही शामिल हैं।