जगतपुर (रायबरेली)। दहेज हत्या में नामजद एक आरोपी ने जहर खाकर जान दे दी। शुक्रवार की सुबह उसका शव इलाहाबाद जिले के फाफामऊ के पास पाया गया। मामले में नामजद होने के चलते पुलिस उसकी तलाश कर रही थी, लेकिन सफलता नहीं मिल पाई थी। इलाहाबाद पुलिस ने जगतपुर पुलिस को घटना की सूचना दी। इस मामले में पुलिस ने पहले ही मृतक के माता-पिता को गिरफ्तार करके जेल भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि देर रात तक युवक का शव गांव आएगा।
गौरतलब है कि गुरुबख्शगंज थाना क्षेत्र के शहजादपुर गांव निवासी रमाशंकर की बेटी किरन (21) की शादी आठ महीने पहले जगतपुर थाना क्षेत्र के दुर्गागंज निवासी संदीप अग्निहोत्री के साथ हुई थी। बीती 11 मार्च को किरन की गला दबाकर हत्या कर दी गई थी। मायका पक्ष का आरोप था कि दहेज में 50 हजार रुपये, फ्रिज और टीवी की मांग पूरी न होने के चलते ससुराल पक्ष ने घटना को अंजाम दिया था। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज करके घटना के दूसरे दिन सास सरस्वती और ससुर गंगा सागर को जेल भेज दिया था, जबकि पति संदीप फरार था। पुलिस ने उसकी धरपकड़ के लिए प्रयास किया था, लेकिन सफलता नहीं मिल पाई थी। इलाहाबाद में आरोपी संदीप ने जहरीला पदार्थ खाकर जान दे दी। सुबह इलाहाबाद के फाफामऊ के पास उसका शव सड़क किनारे मिला। उसे अस्पताल भी पहुंचाया गया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। एसओ जीडी शुक्ला का कहना है कि आरोपी संदीप ने जहर खाकर जान दे दी है।