रायबरेली। यूपी बोर्ड परीक्षा में शुक्रवार को महात्मा गांधी इंटर कॉलेज परीक्षा केंद्र में इंटरमीडिएट रसायन विज्ञान के दो तरह के प्रश्नपत्र बांटे गए। इसको लेकर न सिर्फ छात्रों, बल्कि न्यू स्टैंडर्ड पब्लिक स्कूल के प्रबंधन में नाराजगी है। स्कूल के प्रधानाचार्य शिवलखन प्रजापति ने दो तरह के पेपर बांटे जाने को नियम विरुद्ध बताया, जबकि डीआईओएस पन्नाराम ने कहा कि कुछ भी गलत नहीं है। बोर्ड से जो पेपर मिले वहीं बांटे गए।
न्यू स्टैंडर्ड पब्लिक स्कूल के करीब 500 परीक्षार्थियों का सेंटर महात्मा गांधी इंटर कॉलेज बनाया गया है। द्वितीय पाली में इंटर की रसायन विज्ञान की परीक्षा थी। इसमें करीब 450 छात्र परीक्षा देने के लिए पहुंचे। परीक्षार्थी उस समय हक्के-बक्के रह गए, जब चार कक्षों में करीब 150 परीक्षार्थियों को पीले, जबकि बांकी को सफेद प्रश्न पत्र बांटे गए। इसके विपरीत जिले भर के बाकी परीक्षा केंद्रों में सफेद प्रश्न पत्र बांटे गए। पीले प्रश्न पत्र का कोड 152/2 व 375 (एचपी) जबकि सफेद प्रश्न पत्र का कोड 152/2 व 375 (एचटी) है। दो तरह के प्रश्न पत्र बांटे जाने को नियम विरुद्ध बताते हुए न्यू स्टैंडर्ड पब्लिक स्कूल के प्रधानाचार्य ने डीआईओएस को शिकायती पत्र दिया है। उन्होंने कहा कि इस प्रश्न पत्र को दुबारा कराया जाए। ऐसा न होने पर वह जिला प्रशासन के साथ यूपी बोर्ड को भी अवगत कराएंगे। उधर, डीआईओएस का कहना है कि दो तरह के पेपर बंटना नियम विरुद्ध नहीं है। बोर्ड से जो पेपर मिला, वहीं बांटा गया।