रायबरेली। प्रदेश सरकार की ओर से युवाओं के लिए चलाई जा रही बेरोजगारी भत्ता योजना का लाभ पाने के लिए प्रतिदिन जिला सेवायोजन कार्यालय में भीड़ रहती है। इनमें से कई ऐसे भी लोग हैं, जो रोजगार मिलने के बाद बेरोजगारी भत्ता लेने से इंकार कर रहे हैं। अब तक 36 हजार रुपये सरकारी राजस्व में जमा हो चुके हैं, जबकि करीब 100 लोगों ने कार्यालय में पत्र देकर अपना कटवा लिया है।
जिला सेवायोजन कार्यालय में एक लाख चार हजार 686 बेरोजगार पंजीकृत हैं। बेरोजगारी भत्ता पाने के लिए फरवरी 2014 तक 23 हजार लोगों ने आवेदन किया है। शासन की ओर से अभी तक 21 हजार बेरोजगारों को ही भत्ता मुहैया कराया जा रहा है। वहीं इनमें से कई ऐसे भी लोग हैं, जो रोजगार पाने के बाद ईमानदारी बरतते दिखाई दे रहे हैं। विभाग को पत्र देकर कुछ ने बेरोजगारी भत्ते की सूची से नाम कटवा लिए हैं, तो कई लोगों ने नाम कटवाने के साथ ही भत्ता भी लौटा दिया है। इनमें से अधिकांश शिक्षा विभाग में चयनित अनुदेशक हैं। इनकी संख्या दिनोंदिन बढ़ती जा रही हैं। ऐसे में सरकारी राजस्व को फायदा पहुंच रहा है। वहीं उनकी ईमानदारी से दूसरे बेरोजगारों को भत्ता मिलने में आसानी होगी।
दोहरा लाभ पाने वालों पर नहीं कसा शिकंजा
बेरोजगारी भत्ता पाने वालों की सूची में कई ऐसे लोग शामिल है, जो दोहरा लाभ उठा रहे हैं। ऐसे लोगों के खिलाफ जिला सेवायोजन कार्यालय की ओर से कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है। शिक्षा विभाग में अनुदेशक पद पर 200 से अधिक लोगों की भर्ती हुई थी। इसी तरह कई अन्य पदों पर बेरोजगारों का चयन हुआ है। अभी तक इनमें से कुछ ही लोगों ने बेरोजगारी भत्ता से नाम कटवाया है। ऐसे में काफी संख्या में लोग मानदेय के साथ ही भत्ता भी ले रहे हैं।