डलमऊ (रायबरेली)। कोतवाली क्षेत्र में रविवार की रात हुई किराना व्यापारी की हत्या से दूसरे दिन मंगलवार को भी घटना को लेकर लोगों में न सिर्फ आक्रोश था, बल्कि पुलिस प्रशासन की ढिलाई पर नाराजगी भी थी। घटना के बाद आरोपियों की गिरफ्तारी न होने और मुआवजे की मांग को लेकर खफा लोगों ने व्यापारी का शव चारपाई पर रखकर राजमार्ग पर जाम लगा दिया और नारेबाजी के साथ जमकर प्रदर्शन किया। एडीएम प्रशासन और एएसपी के आश्वासन पर दो घंटे बाद लोगों ने जाम खोला। घटना के विरोध में दुकानदारों ने दुकानें बंद रखीं। यही नहीं कई प्राइवेट स्कूल भी नहीं खोले गए।
डलमऊ कस्बे के मोहल्ला शंकरनगर में रविवार की रात किराना व्यापारी मनोज साहू उर्फ छुन्नू की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इसके बाद आक्रोशित लोगों ने न सिर्फ जाम लगाया था, बल्कि मुराईबाग चौकी में घुसकर तोड़फोड़ करने के साथ कई वाहन फूंक दिए थे। इसमें दरोगा और कई सिपाही घायल हुए थे।
सोमवार को भी घटना को लेकर लोगों में आक्रोश दिखा। विरोध में दुकानदारों ने दुकानें नहीं खोली। हालात ये रहे कि मेडिकल स्टोर तक बंद रहे। कई स्कूल भी नहीं खुले।
जैसे ही शव डलमऊ कस्बे पहुंचा, लोग आक्रोशित हो फिर उठे। देखते ही देखते व्यापारियों के साथ ग्रामीण क्षेत्र के लोग मौके पर एकत्र हो गए। अभी तक आरोपियों की गिरफ्तारी न होने और मुआवजे की मांग को लेकर लोगों ने मनोज साहू के घर के पास ही इलाहाबाद-कानपुर राजमार्ग पर शव चारपाई पर रखकर जाम लगा दिया और पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करने लगे।
एडीएम प्रशासन ओम प्रकाश चौबे, एएसपी राजेश कुमार, एसडीएम डलमऊ पीके दुबे, सीओ डलमऊ सीपी दुबे ने लोगों को शांत कराया, लेकिन सभी अपनी मांग पर अड़िग रहे। एडीएम प्रशासन और एएसपी के 24 घंटे के अंदर आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी करने और मुआवजा देने के आश्वासन पर लोग शांत हुए।
इनसेट
पांच लाख का मुआवजा, शस्त्र लाइसेंस मिलेगा
एसडीएम डलमऊ ने बताया कि पीड़ित परिवार को कृषक दुर्घटना बीमा योजना के तहत पांच लाख रुपये का मुआवजा दिलाया जाएगा। एएसपी ने बताया कि तत्काल पीड़ित परिवार को शस्त्र लाइसेंस दिलाया जाएगा। आरोपियों की गिरफ्तारी 24 घंटे के अंदर कर उन्हें जेल भेज दिया जाएगा।
इनसेट
हत्या के तीन आरोपियों के साथ बवाल करने वालों पर केस
सीओ डलमऊ सीपी दुबे ने बताया कि मृतक किराना व्यापारी के पिता ईश्वरदीन की तहरीर पर प्रहलाद यादव निवासी आफताब नगर, बनवारी निवासी मकदूमपुर उर्फ शेखनपुर, राजेश निवासी जिंगनामऊ कोतवाली लालगंज के खिलाफ हत्या की एफआईआर दर्ज की गई है। उन्होंने बताया कि मुराईबाग चौकी इंचार्ज रामकुमार आदिम की तहरीर पर हत्या के बाद मुराईबाग चौकी में तोड़फोड़, आगजनी करने, सरकारी कार्य में बाधा डालने के मामले में 150 अज्ञात लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में एफआईआर दर्ज की गई है।
इनसेट
बवाल में पुलिस कर्मियों को आई थी चोट
किराना व्यापारी की हत्या के बाद बवाल में दरोगा हौसिला प्रसाद, डलमऊ कोतवाल संगमलाल मिश्रा, मुराईबाग चौकी इंचार्ज रामकुमार आदिम के अलावा मिथलेश सरोज, विमलेश, शशीकांत मिश्रा घायल हुए हैं।