खीरों (रायबरेली)। थाना क्षेत्र के सेमरी चौराहे पर रविवार की रात चोरों ने एक ज्वैलरी की दुकान में धावा बोल दिया। चोरों ने दुकान के शटर का ताला तोड़कर सोने-चांदी के जेवर व नकदी पार कर दिए। तिजोरी का ताला न तोड़ पाने के कारण अन्य जेवर नहीं ले जा सके। चोरों ने प्राथमिक स्कूल के पास रैक व अन्य सामान फेंक दिया। सोमवार की सुबह चोरी की खबर मिलते ही सेमरी कस्बे में अफरातफरी मच गई। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस मामले की पड़ताल में जुट गई है। पीड़ित ने थानेे में तहरीर दी है। रिपोर्ट दर्ज नहीं हो सकी है।
खीरों थाना क्षेत्र के बकुलिहा गांव निवासी ओमप्रकाश ने सेमरी चौराहे पर ज्वैलरी की दुकान खोल रखी है। रविवार की शाम ओमप्रकाश दुकान बंद करके घर चला गया। रात में चोरों ने शटर का ताला तोड़कर करीब एक लाख रुपये कीमत के जेवर व चार हजार रुपये पार कर दिए। चोरों ने तिजोरी को तोड़ने का प्रयास किया, लेकिन सफलता न मिलने के कारण तिजोरी में रखे जेवर नहीं चुरा सके। चोरों ने रैक व अन्य सामान को तोड़कर प्राथमिक स्कूल के पास फेंक दिया। सूचना मिलते ही कस्बे में अफरातफरी मच गई। थाने की पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पड़ताल शुरू कर दी है। जांच टीम ने मौके पर फिंगर प्रिंट व अन्य नमूने लिए हैं। एसओ जीडी शुक्ला ने बताया कि मामले की पड़ताल की जा रही है।