हरचंदपुर (रायबरेली)। ब्लॉक क्षेत्र के पूरे बली मजरे जोहवाशर्की गांव मेें तेरहवीं में खराब खाना खाने के बाद 19 लोग बीमार हो गए। रविवार की रात से ही लोगों को उल्टी-दस्त शुरू हो गए, लेकिन झोलाछाप डॉक्टर से इलाज कराने का प्रयास किया। धीरे-धीरे लोगों की हालत बिगड़ने लगी तो पीएचसी को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पीएचसी से एक टीम गांव पहुंची। गांव में सात लोगाें का इलाज करने के बाद गंभीर रूप से बीमार 12 लोगों को पीएचसी लाकर भर्ती किया गया। सभी का इलाज किया जा रहा है। इनमें कुछ की हालत गंभीर बनी हुई है। पूरे बली मजरे जोहवाशर्की गांव में कमलेश कुमार के घर में रविवार को तेरहवीं का कार्यक्रम था। कार्यक्रम में तमाम रिश्तेदार आए हुए थे। बताते हैं कि रविवार की देर शाम खाना खाने के बाद लोगों में उल्टी-दस्त शुरू हो गए। देखते ही देखते कई रिश्तेदार व घर के लोग बीमार हो गए। इलाज के लिए पड़ोस के ही एक झोलाछाप डॉक्टर को बुलाया गया। उसने इलाज किया, लेकिन लोगों की सेहत में कोई सुधार नहीं हुआ। सोमवार की सुबह तक लोगाें की हालत और बिगड़ गई। इससे गांव में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पीएचसी प्रभारी डॉ. एलपी सोनकर पूरी टीम के साथ गांव पहुंच गए। गांव में ही सात लोगों का इलाज करने के बाद गंभीर रूप से बीमार 12 लोगों को पीएचसी लाकर भर्ती कराया गया है। सभी का इलाज किया जा रहा है।