रायबरेली-डलमऊ। जिले में शनिवार को सदर और डलमऊ तहसील में मतदाता जागरूकता मेला लगाया गया। इसमें मतदाता बनने के लिए भारी संख्या में लोग उमड़े। इस दौरान कुछ ने पंजीकरण कराया तो कुछ लोगों ने अपने नाम में संशोधन कराने के लिए फार्म भरा। सदर तहसील में लगे मतदाता जागरूकता मेले में पंजीकरण कराने, नाम में संशोधन कराने के लिए लोगों का मजमा लगा रहा। अपर जिलाधिकारी प्रशासन डॉ. हरि प्रताप शाही ने कहा कि जिनकी उम्र 18 वर्ष हो गई है, वह अपना पंजीकरण कराकर मतदाता बनें। मतदाता बनकर ही वह अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकते हैं। एसडीएम सदर सुरेश चंद्र तिवारी, तहसीलदार राजमुनि यादव ने कहा कि मतदाता पुनरीक्षण का कार्य चल रहा है। लोग पंजीकरण कराने के साथ अपने नाम में संशोधन भी करा सकते हैं। इस दौरान बीएलओ ने पंजीकरण करने के साथ नाम में संशोधन करने का कार्य किया। मेले में तहसील के अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद भी रहे। डलमऊ तहसील में आयोजित मतदाता जागरूकता मेले का एसडीएम उदय सिंह ने शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि मतदाता बनने का हक हमें बड़ी मुश्किल में मिलता है। इसलिए इसका उपयोग हमें समझना चाहिए। जिनकी उम्र 18 वर्ष पूरी हो गई है, वे अपना पंजीकरण करा सकते हैं। पंजीकरण कराने और नाम संशोधन कराने को लेकर लोगों में मारामारी रही। इस मौके पर तहसीलदार हरिमोहन त्रिपाठी, राजस्व निरीक्षक ओमप्रकाश द्विवेदी आदि मौजूद रहे।