सिंहपुर (रायबरेली)। जलभराव की समस्या से खफा पन्हौंना गांव के ग्रामीणों ने सोमवार को सिंहपुर ब्लॉक का घेराव कर हंगामा किया। इस दौरान ग्रामीणों और बीडीओ के बीच तीखी नोंक-झोंक हुई। ग्रामीणों ने कहा कि जलभराव की समस्या कई बार उठाई गई, लेकिन कभी राहत के लिए कार्य नहीं किए गए। बीडीओ ने गांव वालों को समस्या का निस्तारण शीघ्र किए जाने का आश्वासन दिया, तब ग्रामीण शांत हुए। पन्हौंना-फत्तेपुर संपर्क मार्ग के 300 मीटर सड़क पर अक्सर जलभराव की समस्या बनी रहती है। सोमवर को ग्रामीणों ने सिंहपुर ब्लॉक का घेराव कर समस्या से राहत दिलाने की मांग की। ग्रामीणों ने कहा कि संपर्क मार्ग से सिद्धपीठ मां अहोरवा भवानी का भी रास्ता है। जलभराव के कारण अक्सर लोग चोटिल हो जाते हैं। ग्राम प्रधान से भी कई बार समस्या से निजात दिलाने की मांग की गई, लेकिन उन्होंने इसे अनसुना कर दिया। यदि समस्या दूर नहीं होगी, तो वह धरने पर बैठ जाएंगे। बीडीओ ने किसी तरह ग्रामीणों को शांत कराया। आश्वासन दिया कि जल्दी ही उनकी समस्या दूर करा दी जाएगी। उधर, ग्राम प्रधान प्रतिनिधि इंदल लोधी का कहना है कि ग्रामीणों को जलभराव से निजात दिलाने के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। अधिकारियों को इससे अवगत कराया गया है। पन्हौना गांव के प्रभात द्विवेदी की अगुआई में भगौती प्रसाद, गया प्रसाद शर्मा, कृष्ण कुमार, मनोज पाल, दुर्गा प्रसाद, राजेश कुमार, देवी प्रसाद, रामनारायन, बृजमोहन, प्रताप नारायण आदि ग्रामीणों ने सिंहपुर ब्लॉक का घेराव किया।