डीह (रायबरेली)। ब्लॉक क्षेत्र के सुरैया मुवकिलपुर गांव में एक साल पहले ही बजट मिलने के बाद प्रसाधन न बनवाने वाले 69 लाभार्थियों के खिलाफ केस दर्ज कराने की चेतावनी दी गई है। एडीओ पंचायत ने नोटिस देकर सभी लाभार्थियों को एक सप्ताह का अल्टीमेटम दिया है। नोटिस जारी होने के बाद लाभार्थियों में हड़कंप मच गया है।
डीह ब्लॉक के ग्राम सुरैया मुवकिलपुर में एक वर्ष पहले स्वच्छ भारत मिशन के तहत 225 लोगों को शौचालय निर्माण के लिए धन दिया गया था। अब तक 104 लोगों ने तो शौचालय बनवा लिया, लेकिन 69 लोगों ने पैसा लेने के बाद भी अभी तक शौचालय का निर्माण नहीं कराया है। ग्राम पंचायत अधिकारी जितेंद्र सिंह ने दो बार नोटिस भी दी, लेकिन शौचालय का निर्माण नहीं कराया। मामले में एडीओ ने संबंधित लाभार्थियों को चेतावनी दी है कि एक सप्ताह में प्रसाधनों के निर्माण का काम शुरू नहीं कराया गया तो एफआईआर कर दी जाएगी। सहायक विकास अधिकारी जितेंद्र सिंह ने बताया कि एक हफ्ते के भीतर शौचालय निर्माण शुरू न कराया गया तो लाभार्थियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करा दिया जाएगा।