स्मृति ईरानी के प्रतिनिधि के सामने रो पड़े पीड़ित, बोले हो कार्रवाई
सलोन (रायबरेली)। राहुल के कार्यक्रम के दौरान कांग्रेसियों की ओर से भाजपाइयों व किसानों की पिटाई का मामला दिल्ली तक पहुंच गया है।
केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने सोमवार रात ही अपने प्रतिनिधि विजय गुप्ता को घटना की जानकारी के लिए यहां भेजा। मंत्री के प्रतिनिधि ने क्षेत्रीय विधायक के साथ गांव पहुंचकर पिटाई में घायल हुए लोगों का हाल जाना और कार्रवाई का आश्वासन दिया।
केंद्रीय मंत्री के प्रतिनिधि ने कहा कि मामले में कार्रवाई की जाए। इस प्रकरण की पूरी रिपोर्ट के साथ ही मारपीट का वीडियो केंद्रीय मंत्री को भेजा गया है। पीड़ितों से मिलने के बाद मामले में कार्रवाई का भरोसा देकर प्रतिनिधि दिल्ली लौट गए।
सलोन कस्बे में सांसद राहुल गांधी के कार्यक्रम के दौरान अमेठी जिले के एमएलसी दीपक सिंह समेत अन्य कांग्रेसियों की ओर से कुछ भाजपाइयों व किसानों की पिटाई कर दी गई थी।
इस मामले की गूंज दिल्ली तक पहुंच गई। रात में केंद्रीय कैबिनेट मंत्री स्मृति ईरानी के प्रतिनिधि विजय गुप्ता ने सलोन पहुंचकर कार्यकर्ताओें से पूरे प्रकरण की जानकारी ली।
देर रात क्षेत्रीय विधायक दल बहादुर कोरी व कैबिनेट मंत्री के प्रतिनिधि पीड़ित किसानों से मिलने उनके घर पहुंचे। प्रतिनिधि विजय गुप्ता सबसे पहले ग्राम सभा आशिकाबाद निवासी घायल राम सजीवन के घर गए।
उन्होंने घायल किसान से मामले की जानकारी ली। इस दौरान राम सजीवन ने बताया कि पुलिस की मौजूदगी में उस पर जानलेवा हमला किया गया।
केंद्रीय मंत्री स्मृति के प्रतिनिधि ने जिलाधिकारी संजय खत्री और पुलिस अधीक्षक शिवहरि मीणा से तत्काल सभी आरोपियों के विरुद्ध कार्यवाही को कहा।
इसके बाद वह ममुनी निवासी घायल सत्यपाल, सिरसिरा निवासी अंकुर सिंह, ऐरी डीह निवासी शलभनाथ, सेमरी झकरासी निवासी शिवनाथ के घर पहुंचे।
प्रतिनिधि विजय गुप्ता ने बताया कि कैबिनेट मंत्री स्मृति ईरानी व मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को जैसे ही इस घटना की जानकारी हुई, उन्होंने आप लोगों से मिलने भेजा है। जिन्होंने किसानों पर बर्बरता की है. उन सब के विरुद्ध कठोर कार्यवाही के निर्देश दिए जा चुके हैं।
वहीं भाजपा नेताओं ने सोमवार को कांग्रेसी नेताओं द्वारा किसानों और भाजपाइयों से की गईं मारपीट की घटना की एक रिपोर्ट और वीडियो प्रतिनिधि विजय गुप्ता के माध्यम से स्मृति ईरानी को भेजी है। इस मौके पर विधायक दल बहादुर कोरी, मंडल प्रभारी सुधीर सिंह, राजेंद्र चतुर्वेदी, रामजी पांडेय, गोपाल रस्तोगी समेत कई भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।