चार अवैध भवनों का किया चालान, हाेंगे सील
रायबरेली। शहर में गुरुवार को मानकों को ताक पर रखकर हो रहे चार निर्माणाधीन भवनों का चालान किया गया है। इन भवनों का निर्माण कराने वाले बिल्डरों को नोटिस देकर जवाब मांगा गया है। साथ ही इन भवनों को सील कराने की प्रक्रिया भी शुरू हो गई है। आरडीए के अवर अभियंता पीसी श्रीवास्तव ने डिग्री कॉलेज चौराहा स्थित केदार नाथ तिवारी के भवन का चालान किया है। आरोप है कि मानकों को ताक पर रखकर काम कराया जा रहा है। भवन को सील करने प्रक्रिया भी शुरू की गई है। इसके अलावा जेई रबीश अग्रवाल ने महराजगंज रोड स्थित विमलेश श्रीवास्तव, ऊषा श्रीवास्तव और सुशील कुमार के निर्माणाधीन भवनों का चालान किया है। आरडीए के अधिशासी अभियंता एके राय ने बताया कि भवनों के चालान के बाद बिल्डरों को नोटिस देकर जवाब मांगा जा रहा है। भवनों को सील करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।