अभद्र टिप्पणी पर नरेश अग्रवाल का पुतला फूंका
रायबरेली। अखिल भारत हिंदू महासभा ने कुलभूषण जाधव से मुलाकात के दौरान उनकी मां और पत्नी के साथ हुए अमानवीय व्यवहार पर नाराजगी जताई है। साथ ही सपा नेता एवं पूर्व मंत्री नरेश अग्रवाल की अभद्र टिप्पणी पर भी आक्रोश व्यक्त किया है। पुलिस लाइंस के पास महासभा के पदाधिकारियों ने गुरुवार को नरेश अग्रवाल का पुतला भी फूंका और प्रदर्शन किया। जिलाध्यक्ष सुरेंद्र तिवारी ने कहा कि सपा के पूर्व मंत्री ने कुलभूषण की मां और पत्नी के साथ हुए बर्ताव पर जो बयान दिया है, वह उनकी मानसिक दिवालियेपन का प्रतीक है। उन्होंने सरकार से मांग की है कि नरेश अग्रवाल के खिलाफ देशद्रोह का मुकदमा दर्ज किया जाए। इस मौके पर नगर अध्यक्ष शिवशंकर सोनकर, संतोष सोनकर, सुनील, नक्कू, संजय, संदीप तिवारी, जयदीप, राघवेंद्र मिश्र आदि मौजूद रहे।