प्रधानमंत्री आवास में घपला, दो वीडीओ पर कार्रवाई के आदेश
रायबरेली। प्रधानमंत्री आवासों की जांच में दो और गांवों में घपला पकड़ में आया है। जांच में मनमानी पकड़ में आने के बाद सीडीओ ने सलोन ब्लॉक के दरसवां और खीरों ब्लॉक के जेरी गांव के ग्राम विकास अधिकारी (वीडीओ) के खिलाफ विभागीय कार्रवाई के आदेश दिए हैं। उन्होंने खीरों ब्लॉक के पटल सहायक को भी कारण बताओ नोटिस देने और 16 अपात्रों से प्रथम किस्त की वसूली के आदेश दिए गए हैं।
जिले में प्रधानमंत्री आवासों के आवंटन में जमकर गड़बड़झाला किया गया है। डीएम से शिकायत के बाद पीडी इंद्रसेन सिंह ने सलोन ब्लॉक के दरसवां और खीरों ब्लॉक के जेरी गांव में आवास के लिए चयनित लाभार्थियों की जांच की। जांच में दरसवां गांव में बाबूलाल और महादेव ऐसे मिले, जिन्हें पूर्व में इंदिरा आवास दिया गया था, लेकिन अब प्रधानमंत्री आवास दिए गए हैं। जेरी गांव में संतोष, राजेश, सुमित्रा, अनिल, मातादीन, धनपति, शशी, रामफेर, विपिन समेत 14 अपात्रों को भी प्रधानमंत्री आवास दिए जाने का मामला पकड़ में आया। पीडी की जांच रिपोर्ट आने के बाद सीडीओ ने दरसवां के ग्राम विकास अधिकारी शीतांशू प्रकाश और जेरी के ग्राम विकास अधिकारी दिनेश कुमार सिंह के खिलाफ विभागीय कार्यवाही करने के आदेश जिला विकास अधिकारी को दिए हैं। इसके अलावा पीडी को खीरों ब्लॉक के पटल सहायक रामकिशुन को कारण बताओ नोटिस भी देने के आदेश दिए हैं। सीडीओ देवेंद्र पांडेय ने बताया कि प्रधानमंत्री आवास देने में लापरवाही बरतने वाले प्रधानों और कर्मचारियों को बख्शा नहीं जाएगा। इन पर कार्रवाई की जाएगी। रिपोर्ट भी लिखाई जाएगी।