हमलावर गिरफ्तार नहीं हुए तो ठप करेंगे विद्युत आपूर्ति
रायबरेली। मिलएरिया थाना क्षेत्र के अमावां विद्युत उपकेंद्र के अवर अभियंता पर हुए जानलेवा हमले के मामले के बाद पावर कॉर्पोरेशन के अवर अभियंताओं में जबरदस्त नाराजगी है। सभी ने मंगलवार को कार्य बहिष्कार करने का निर्णय लिया है। कहा कि यदि हमलावरों की शिनाख्त कराकर गिरफ्तारी नहीं की गई तो मंगलवार को विद्युत आपूर्ति व राजस्व वसूली समेत अन्य कामकाज ठप कर दिए जाएंगे। उनका कहना है कि टेस्ट डिवीजन में इसके पहले यहां तैनात रहे एक्सईएन पर भी हमला किया गया था, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की गई थी।
अमावां के अवर अभियंता एमए मंसूरी पर शनिवार दोपहर जानलेवा हमला किया गया था। मामले में मिलएरिया पुलिस ने रिपोर्ट तो दर्ज कर ली, लेकिन अब तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी। इससे अभियंताओं में नाराजगी हैं। अभियंताओं ने कहा कि यदि मामले में कोई कार्रवाई नहीं हुई तो चुप नहीं बैठा जाएगा। अभियंताओं ने कहा कि दो महीने पहले टेस्ट डिवीजन में तैनात रहे एक्सईएन घनश्याम पर हमलावरों ने हमला किया था, लेकिन पुलिस अब तक किसी की गिरफ्तारी नहीं कर सकी है।
राज्य विद्युत परिषद जूनियर इंजीयिर संगठन के सचिव एसपी यादव, वित्त सचिव रामलखन ने कहा कि संगठन के अध्यक्ष एमए मंसूरी पर हमले की निष्पक्ष जांच कराकर हमलावरों को गिरफ्तार किया जाए। घटना के 24 घंटे बीत गए हैं, लेकिन अब तक किसी की गिरफ्तारी नहीं की गई है। अवर अभियंता अरविंद कुमार, राजीव यादव, जीशान अंशारी, शंभूनाथ, सौरभ यादव ने कहा कि यदि मामले में कार्रवाई नहीं हुई तो मंगलवार को विद्युत आपूर्ति ठप कर कार्य बहिष्कार किया जाएगा।
विद्युत तकनीकी एकता संघ ने की निंदा
रायबरेली। अवर अभियंता एमए मंसूरी पर हुए हमले की विद्युत तकनीकी कर्मचारी एकता संघ के पदाधिकारियों ने विरोध किया। रविवार को संघ के पदाधिकारियों ने घायल अवर अभियंता से मिलकर हालचाल जाना। सभी ने घटना की निंदा करते हुए कड़ी कार्रवाई किए जाने की मांग की। कहा कि कड़ी मेहनत करने वाले जूनियर इंजीनियर सुरक्षित नहीं है। उन पर हमले हो रहे हैं और जिला प्रशासन इस ओर ध्यान नहीं दे रहा है। यदि मामले में कार्रवाई नहीं हुई तो मजबूर होकर हम लोग भी कार्य बहिष्कार करेंगे। इस मौके पर संघ के संरक्षक गुरू प्रसाद, दुर्गेश कुमार, तेज कुमार अरविंद मौर्य, विनोद कुमार आदि मौजूद रहे।