हजारीबाग में फैला संक्रामक रोग, जांच के लिए बनाई 22 स्लाइड
रायबरेली। ऊंचाहार तहसील क्षेत्र के हजारीबाग गांव में संक्रामक रोग फैलने की सूचना पर सोमवार को स्वास्थ्य विभाग की टीम गांव पहुंची। टीम के सदस्यों ने गांव के 52 लोगों की जांच करके दवाएं दी। साथ ही 22 स्लाइड जांच के लिए बनाई गईं हैं। इसमें से अधिकतर लोग बुखार की चपेट में पाए गए। टीम ने दवा का छिड़काव कराया। लोगों से साफ-सफाई करने पर जोर दिया। सीएमओ ने ऊंचाहार सीएचसी अधीक्षक से गांव पर नजर रखने के निर्देश दिए हैं।
हजारीबाग गांव में संक्रामक रोग फैलने की सूचना पर सुबह जिला मुख्यालय से डॉ. ऋषि बागची, डॉ. मुकेश कुमार, आनंद देव सिंह, सुंदरलाल की टीम गांव पहुंची। टीम ने ग्रामीणों के घरों पर जाकर उनकी सेहत परखी और दवाएं दी। इस दौरान कुछ लोग बुखार से पीड़ित पाए गए। सीएमओ ने बताया कि गांव के 52 लोगों की जांच करके उन्हें दवाएं दी गईं। 22 लोगों की जांच के लिए स्लाइड बनवाई गई। स्थिति सामान्य है। सीएचसी अधीक्षक को निर्देश दिए गए हैं कि यदि कोई बुखार से पीड़ित हो तो उसका इलाज कराएं। सीएचसी में पर्याप्त मात्रा में दवाएं उपलब्ध करा दी गई हैं।