अंग्रेजों भारत छोड़ो की तर्ज पर आंदोलन की जरूरत
महराजगंज (रायबरेली)। केंद्रीय मानव संसाधन राज्यमंत्री महेंद्रनाथ पांडेय ने कहा है कि आज देश को एक बार फिर महात्मा गांधी की ओर से 1942 में चलाए गए अंग्रेजों भारत छोड़ो की तर्ज पर गरीबी, गंदगी, भ्रष्टाचार, संप्रदायवाद, जातिवाद व आतंकवाद जड़ से समाप्त करने के लिए जनांदोलन चलाने की जरूरत है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इसका श्रीगणेश कर दिया है। अब हम 125 करोड़ भारतीयों को पूरी निष्ठा व लगन के साथ प्रधानमंत्री के इस संकल्प को यथार्थ में पांच साल में बदलना होगा। उन्होंने यह बात महराजगंज कस्बा स्थित जसवंतरी देवी मंदिर परिसर में आयोजित भाजपा प्रबुद्ध वर्ग सम्मेलन को संबंधित करते हुए कही।
मंत्री ने कहा कि अब रायबरेली की जनता कांग्रेस की असलियत पहचान चुकी है। अब वह भी कांग्रेस से मुक्ति पाकर विकास की मुख्यधारा से जुड़ना चाहती है। उन्होंने यहां आकर देख लिया कि विकास के मामले में बहुत ही दयनीय दशा में चल रहे इस जिले को नेहरू गांधी परिवार ने छला है। विधानसभा चुनाव में यहां से पार्टी के तीन विधायक जीतने पर उन्होंने कहा कि जिले में बदलाव की बयार बह रही है। बछरावां विधायक रामनरेश रावत की मांग पर उन्होंने कहा कि राना बेनीमाधव सिंह के नाम पर डाक टिकट जारी कराया जाएगा।
जिलाध्यक्ष दिलीप यादव ने कहा कि जिले में भाजपा लगातार मजबूत हो रही है। पूर्व एमएलसी राकेश प्रताप सिंह, पूर्व विधायक राजाराम त्यागी, भाजपा नेता अजय अग्रवाल, राष्ट्रीय परिषद सदस्य राम शंकर वर्मा ने भी अपनी बात कही। अतिथियों ने पौधरोपण भी किया। कार्यक्रम का संचालन लक्ष्मीशंकर श्रीवास्तव ने किया। आभार प्रदर्शन मंडल अध्यक्ष सरदार फतेह सिंह ने किया। इससे पूर्व न्यू स्टैंडर्ड स्कूल सलेथू के बच्चों ने स्वागत गीत प्रस्तुत किया। जिला पंचायत सदस्य प्रभात साहू ने मुख्य अतिथि को चांदी का मुकुट पहनाकर, शॉल ओढ़ाकर तथा प्रतीक चिह्न भेंटकर सम्मानित किया। इस मौके पर विजय प्रताप, सुरेंद दाढ़ी, शत्रोह्न मौर्य, देवेंद्र सिंह आदि मौजूद रहे।