दबंग ने पाट दिया नाला, लोगों के कच्चे घर गिरने का खतरा मंडराया
रायबरेली। हटका गांव में एक दबंग ने खोदे गए नाले को पाट दिया। इससे पानी लोगों के घरों तक पहुंच गया है। गांव में कच्चे घरों के गिरने का खतरा उत्पन्न हो गया है। ग्रामीणों ने शिकायत एसडीएम से की है। एसडीएम ने पुलिस को दबंग के खिलाफ कार्रवाई करने के आदेश दिए हैं।
रोहनियां ब्लॉक की ग्राम पंचायत उमरन के गांव हटका में करीब दो माह पहले जल निकासी के लिए मनरेगा योजना से नाले की खोदाई की गई थी। नाला निर्माण के बाद गांव के एक दबंग ने अपने घर के सामने नाला को पाट लिया। इससे पानी का निकास रुक गया। अब बरसात व घरों के पानी से तालाब लबालब हो जाने से पानी लोगों के घरों तक पहुंच गया है। लगातार पानी भरा रहने से कच्चे घरों के गिरने की आशंका बढ़ गई है। गांव के रामबाबू ने बताया कि उसे प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत आवास मिला है, लेकिन पानी भरा होने से कम नहीं शुरू हो सका है। रामबाबू, प्रभात कुमार, सुबराती आदि ने बताया कि नाला पाट लिए जाने से तालाब बरसात के पानी से लबालब भर गया है। अब पानी घरों के लिए खतरा बना है। कच्चे घर कभी भी गिर सकते हैं। ग्रामीणों ने एसडीएम से शिकायत की है। एसडीएम मदन कुमार वर्मा ने बताया कि लेखपाल को नाला से अतिक्रमण हटाने के लिए निर्देशित किया गया है। आरोपी के खिलाफ पुलिस को रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई करने का आदेश दिया है। जल्द ही समस्या का समाधान हो जाएगा।