मौत के बाद हाईवे जाम करने वाले 166 पर रिपोर्ट
सलोन (रायबरेली)। भाई-बहन की मौत के बाद हाईवे जाम करने के मामले में पुलिस ने 166 लोगों पर केस दर्ज किया है। सोमवार सुबह लगभग सात बजे के करीब ममुनी निवासी राजेश पासी अपनी बुआ की बेटी रेनू को बाइक से उसके घर जमुरवा खुर्द छोड़ने जा रहा था। मैजिक ने बाइक में टक्कर मारने के बाद खाद लेने जा रहे पिता-पुत्र को टक्कर मार कर घायल कर दिया था। बाइक सवार राजेश व रेनू की मौत हो गई थी। हादसे के बाद गुस्साए लोगों ने लखनऊ-बनारस राजमार्ग पर जाम लगा दिया था। पुलिस के साथ कहासुनी की थी। कोतवाल गऊदीन की तहरीर पर मंगलवार को रिपोर्ट दर्ज की गई। इसमें मृतक राजेश के बहनोई प्रमोद समेत 16 नामजद और 150 अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। कोतवाल जीडी शुक्ला का कहना है कि जांच के बाद कार्रवाई होगी।
लोडर चालक के खिलाफ एफआईआर
सलोन (रायबरेली)। भाई-बहन की सड़क हादसे में हुई मौत के मामले में पुलिस ने मंगलवार को लोडर चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया। गौरतलब है कि सलोन कोतवाली क्षेत्र के उमरी गांव के पास सोमवार को सड़क हादसे में ममुनी गांव निवासी राजेश पासी व उसकी बुआ की बेटी रेनू की मौत हो गई थी, जबकि अन्य साइकिल सवार पिता-पुत्र घायल हो गए थे। मृतक राजेश के पिता रतीपाल निवासी ममुनी की तहरीर पर लोडर चालक रामभवन निवासी हलोर थाना मुंडेरवा जिला बस्ती के विरुद्ध के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। कोतवाल जीडी शुक्ला का कहना है कि मामले में कार्रवाई की जाएगी।