बिल में गड़बड़ी पर उपभोक्ताओं का हंगामा
- एक्सईएन के समझाने बुझाने पर हुए शांत, बिल संशोधित कर जमा कराया 11 लाख राजस्व
अमर उजाला ब्यूरो
रायबरेली। विद्युत उपकेंद्र उतरपारा में लगे विद्युत शिविर में बिलों में त्रुटियां होने पर उपभोक्ताओं ने हंगामा कर दिया। कहा कि बिजली का बिल जमा करने के बाद भी ज्यादा रुपये का बिल भेज दिया गया। सूचना मिलने पर अधिशासी अभियंता अशोक कुमार और एसडीएम एसएन यादव मौके पर पहुंचे। किसी तरह उपभोक्ताओं को समझा बुझाकर मामला शांत कराया। मौके पर ही बिल में गड़बड़ियों को ठीक कराकर राजस्व जमा किया गया।
विद्युत उपकेंद्र में अवर अभियंता शंभूनाथ की अध्यक्षता में शनिवार को मेगा कैंप का आयोजन किया गया। इसमें 250 ऐसे उपभोक्ता रहे, जिनके बिलों में गड़बड़ियां रहीं। झकरासी के छोटेलाल, बेलाबेला के शशिकांत ने बताया कि उनका बिल जनवरी तक जमा है। रीडिंग लेने के बाद आठ हजार रुपये के बिल भेज दिया। इसी तरह सूरजकुंडा के रतीपाल, बेलागुसीसी के रामसजीवन ने भी बिल ज्यादा आने की शिकायत की। इस दौरान उपभोक्ताओं ने काफी देर तक हंगामा किया।
सूचना मिलने पर एक्सईएन और एसडीओ मौके पर पहुंचकर लोगों को शांत कराया। एक्सईएन ने बताया कि मौके पर ही उपभोक्ताओं की समस्याओं का निपटाराया कराया गया और 11 लाख राजस्व जमा हुआ। मौके पर 208 उपभोक्ताओं ने नए कनेक्शन लिए। एक्सईएन ने बताया कि जल्द ही क्षेत्र के कई गांवों में बैठक करके उपभोक्ताओं की बिजली से संबंधित अन्य शिकायतों का भी निस्तारण कराया जाएगा।