रायबरेली। बाल वैज्ञानिकों की खोज के लिए संचालित इंस्पायर अवार्ड मानक योजना के तहत इस बार जिला स्तरीय प्रदर्शनी उन्नाव में आयोजित होगी। इसमें शामिल होने के लिए रायबरेली से 90 छात्र-छात्राएं जाएंगे। इन बच्चों का चयन दो शैक्षिक सत्रों में किया गया है। दोनों शैक्षिक सत्रों की प्रदर्शनी एक साथ लगेगी।
प्रदर्शनी में सभी बच्चे अपने मॉडल को प्रदर्शित करेंगे। जिन बच्चों का चयन होगा, उन्हें मंडल स्तर पर अपने मॉडल के साथ प्रतिभाग करना होगा। इंस्पायर अवार्ड मानक योजना के तहत छात्र-छात्राओं ने अपनी वैज्ञानिक प्रतिभा दिखाने का मौका दिया जाता है। सभी बच्चे अपनी वैज्ञानिक सोच से खोज करते हैं और प्रोजेक्ट तैयार कर भेजते हैं, जिस पर उनके प्रोजेक्ट को चयनित किया जाता है।
शैक्षिक सत्र 2023-24 में 22 और 2024-25 में 68 छात्र-छात्राओं का चयन किया गया। इन छात्र-छात्राओं को मॉडल बनाने के लिए 10-10 हजार रुपये भी दिए गए थे। अब इन्हें जिला स्तरीय प्रदर्शनी में शामिल कराया जाना है। दोनों शैक्षिक सत्रों की जिला स्तरीय प्रदर्शनी 22 जुलाई को आयोजित होनी है, जिसकी जिम्मेदारी उन्नाव जिले को सौंपी गई है।
उन्नाव में आयोजित होने वाली इंस्पायर अवार्ड की विज्ञान प्रदर्शनी में रायबरेली और उन्नाव जिलों के चयनित छात्र-छात्राएं प्रतिभाग करेंगे। इसी तरह हर स्तर पर चयनित होने वाले बच्चों को राज्य और फिर राष्ट्रीय स्तर पर भी मौका मिलेगा।
जिला विद्यालय निरीक्षक संजीव कुमार सिंह ने बताया कि जिला स्तरीय प्रदर्शनी में बच्चों को शामिल कराने के लिए टीम लीडर के रूप में राजकीय इंटर कॉलेज अटौरा बुजुर्ग की प्रवक्ता नीतू गुप्ता और सहायक अध्यापक वीरेंद्र कुमार को नामित कर दिया गया है।
सभी बच्चों से मांगे मॉडल के फोटोग्राफ
इंस्पायर अवार्ड के तहत दोनों सत्रों में 90 बच्चे चयनित हुए हैं, जिनमें 40 से अधिक बच्चे बेसिक शिक्षा विभाग के परिषदीय विद्यालयों में पढ़ते हैं। ज्यादातर बच्चे माध्यमिक विद्यालयों के छात्र-छात्राएं हैं। समग्र शिक्षा-माध्यमिक के जिला समन्वयक इरफान अहमद ने बताया कि जिला स्तरीय प्रदर्शनी में शामिल होने वाले सभी बच्चों से संपर्क किया जा रहा है। सभी प्रतिभागियों से उनके मॉडल की फोटो और वीडियो क्लिप भी 15 जुलाई तक मांगी गई है। उन्नाव जिले में 22 जुलाई को प्रदर्शनी प्रस्तावित है।
इसमें सभी बच्चों को शामिल कराया जाएगा। उधर, समग्र शिक्षा-बेसिक के जिला समन्वयक (प्रशिक्षण) दीपक कुमार का कहना है कि इंस्पायर अवार्ड में परिषदीय विद्यालयों के जिन बच्चों को शामिल होना है, उन सभी से संपर्क किया जा रहा है। इसके लिए स्टेट रिसोर्स ग्रुप (एसआरजी) को जिम्मेदारी सौंपी जाएगी।