सलोन ब्लाॅक के सूची स्थित उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक सूची की शाखा का बंद शटर।
- फोटो : सलोन ब्लाॅक के सूची स्थित उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक सूची की शाखा का बंद शटर।
रायबरेली। उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक में तीन बैंकों का विलय किए जाने से शनिवार से डाटा फीडिंग का काम शुरू हो गया। इस कारण जिले के 89 ग्रामीण बैंक खाताधारकों के लिए बंद रहे। डाटा फीडिंग का काम 22 सितंबर तक चलेगा। इस प्रक्रिया के कारण ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ेगा। ग्रामीण बैंक के खाताधारक अन्य बैंकों और एटीएम में पैसे की निकासी कर सकेंगे। करीब एक अरब करोड़ रुपये का लेनदेन हर दिन प्रभावित होगा। ग्राहकों को सूचना देने के लिए एसएमएस के साथ बैंकों के बाहर भी नोटिस चस्पा कर दिया गया है।
उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक में पूर्ववर्ती यूपी ग्रामीण बैंक, आर्यावर्त बैंक व बड़ौदा यूपी ग्रामीण बैंक का विलय एक मई से हो गया है। ऐसे में इन तीन बैंकों के डाटा फीडिंग का काम शनिवार से शुरू किया गया। इसके चलते जिलेभर के ग्रामीण बैंक खाताधारकों के लिए बंद रहे और ग्रामीण लेनदेन नहीं कर सके। अग्रणी बैंक प्रबंधक रूपेश दुबे ने बताया कि जिले में 89 ग्रामीण बैंक हैं, जिनमें तीन दिन तक सॉफ्टवेयर अपडेट के साथ डाटा फीडिंग का काम होगा। इससे बैंक बंद रहेंगे। खाताधारकों को इस बारे में पहले ही सूचना दी जा चुकी है।