रायबरेली डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट एसोसिएशन की ओर से मोतीलाल नेहरू स्टेडियम में आयोजित अंडर-16 डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट लीग में सोमवार को अंतिम मैच खेला गया। इसमें रायबरेली यलो ने रायबरेली रेड को 36 रनों से शिकस्त दी।
टॉस जीतकर यलो टीम ने पहले बैटिंग करते हुए निर्धारित 50 ओवर में 264 रन बनाए। आर्यन यादव ने अच्छी बैटिंग करते हुए 77 रन और हर्ष वर्मा ने 50 रन का योगदान दिया। रेड टीम की ओर से गेंदबाजी करते हुए राज साहू और अनादि शरण गुप्ता ने दो-दो विकेट झटके।
जवाब में उतरी रायबरेली रेड टीम मात्र 40 ओवर खेलकर 218 रनों पर सिमट गई। मुकेश यादव ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए लंबी पारी खेलकर अपना शतक पूरा किया फिर भी अपनी टीम को जीत नहीं दिला सके। मुकेश यादव 101 रन बनाकर आउट हुए जबकि बाकी बल्लेबाज ज्यादा देर टिक नहीं सके।
यलो टीम से सर्वेश वाजपेयी ने छह ओवर में 12 रन देकर चार विकेट झटके। मोहम्मद नाजिम, साहिल सिंह परमार और दिपांशु ने एक-एक विकेट गिराया।
रायबरेली डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट एसोसिएशन (आरडीसीए) के सचिव एवं यूपीसीए के उपाध्यक्ष मोहम्मद फहीम ने बताया कि अब अंडर-19 की डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट लीग 16 अप्रैल से मोतीलाल नेहरू स्टेडियम में शुरू होगी।
इसमें चार टीमें खेलेंगी और इन सभी के बीच मुकाबले कराए जाएंगे। पहले दिन रायबरेली ग्रीन एवं रायबरेली रेड टीमों के मध्य सुबह सात बजे से मैच खेला जाएगा।