रायबरेली। गुरुबख्शगंज थाना क्षेत्र में मंगलवार देर शाम एक बुजुर्ग पर कुल्हाड़ी से जानलेवा हमला किया गया। हमले में बुजुर्ग गंभीर रूप से घायल हो गया।
हालत गंभीर होने पर उसे सीएचसी के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। घटना के पीछे रंजिश की बात सामने आ रही है। घटना के बाद अफरातफरी मच गई।
बताते हैं कि पूरे अल्मी मजरे चिलौली गांव निवासी रामनाथ (70) घर के बाहर बैठा था। इसी बीच कुछ लोगों ने हमला बोल दिया। कुल्हाड़ी से कई वार कर रामनाथ को घायल कर दिया।
आननफानन में रामनाथ को सीएचसी पहुंचाया गया, जहां से उसे जिला अस्पताल भेजा गया। कहा जा रहा है कि दो मार्च को घायल और आरोपियों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई थी।
इसी को लेकर हमला किया गया। एसओ हरिशंकर प्रजापति का कहना है कि मामला जानकारी में आया है। जांच कराई जा रही है। कार्रवाई होगी।