रायबरेली। शहर कांग्रेस कमेटी ने वार्ड संख्या 16, 5, 17, 13, 18, 12, 25 और 31 में जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित किया। अध्यक्षता करते हुए शहर कांग्रेस अध्यक्ष सईदुल हसन ने कहा कि संगठन को मजबूत बनाने के लिए सभी कार्यकर्ता जुट जाएं। जनता की समस्याओं को सुनें और उन्हें हल कराने पर ध्यान दें।
हाजी उस्मान ने कहा कि जिस तरह से सोनिया गांधी ने घोसियाना मोहल्ले की समस्याओं को देखते हुए नाला निर्माण, सीवर लाइन आदि कार्य कराया है, उससे नागरिकों को काफी सहूलियतें मिली हैं। धीरज श्रीवास्तव ने कहा कि जिस प्रकार स्वास्थ्य सुविधाएं सांसद के प्रयास से जिलेवासियों को मिली हैं, ऐसी नजीर बहुत कम देखने को मिलती है।
पंकज सोनकर ने कहा कि प्रियंका वाड्रा की देखरेख में जनता की समस्याएं सुनने एवं उनके निदान की दिशा में कार्य हो रहा है। एजाजुल हसन ने कहा कि कांग्रेस ही ऐसा दल है, जिसने विकास कार्य कराए हैं। जनसंवाद में रोहित सिंह, मुन्ना घोसी, सोनू खान, मो. नाजिम, मो. हुसैन ने भी विचार व्यक्त किए। संचालन हिंमाशु सिंह ने किया।
उधर, जिला कांग्रेस कमेटी की ओर से हरचंदपुर ब्लॉक क्षेत्र के फरीदपुर कनखरा गांव में ब्लॉक स्तरीय कांग्रेस जनसंवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिलाध्यक्ष वीके शुक्ला ने कहा कि जिले के सभी गांवों में जनसंवाद कार्यक्रम किए जा रहे हैं। पदाधिकारी और कार्यकर्ता संगठन को मजबूत बनाएं और अभी से लोकसभा चुनाव की तैयारियों में जुट जाएं।
चुनाव के समय स्थानीय मौकापरस्त नेता अपनी रोटियां सेकने के लिए कांग्रेस का विरोध करते हैं, ताकि इसके एवज में उन्हें व्यक्तिगत लाभ मिल सके। ऐसे नेताओं का जिले के विकास में कितना योगदान है, यह जनता बखूबी जानती और समझती है। इस मौके पर धर्मेंद्र पाल सिंह, विजयशंकर अग्निहोत्री, पच्चू पासवान, रामदास, प्रमोद त्रिपाठी मौजूद रहे।