रायबरेली। ग्राम पंचायतों में रिबोर कराए गए हैंडपंपों में काम में गड़बड़झाले की आशंका है। नागरिक उड्डयन एवं स्टांप शुल्क मंत्री व जिले के प्रभारी नंद गोपाल गुप्ता नंदी को समीक्षा के दौरान रिबोरिंग में मनमानी की आशंका होने पर उन्होंने डीपीआरओ से पूरी रिपोर्ट उपलब्ध कराने के आदेश दिए हैं।
सूची मिलने के बाद अन्य विभागों के अधिकारियों की टीम से हैंडपंपों की जांच कराई जाएगी। हालांकि रिपोर्ट तलब होने के बाद पंचायतीराज विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों में हड़कंप मच गया है।
लालगंज ब्लॉक के अंबारा पश्चिम गांव के एक व्यक्ति ने मंत्री से शिकायत की थी कि उनके खराब हैंडपंप को रिबोर नहीं कराया गया।
समीक्षा के दौरान मंत्री ने डीपीआरओ को दो दिन के अंदर हैंडपंपों को रिबोर कराने के आदेश दिए। साथ ही इसकी रिपोर्ट भी देने के लिए कहा।
मामले में लालगंज के बीडीओ के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश भी दिए। मंत्री ने अब तक रिबोर कराए गए 1040 हैंडपंपों की पूरी रिपोर्ट डीपीआरओ को उपलब्ध कराने के आदेश दिए। मंत्री ने डीएम से कहा कि रिबोर कराए गए हैंडंपपों की गुणवत्ता की जांच भी कराई जाए।