प्रधान, उसके बेटे समेत पांच पर हत्या का केस
खीरों (रायबरेली)। थाना क्षेत्र में बुजुर्ग महिला राजरानी की मौत के मामले में ग्राम प्रधान, उसके बेेटे समेत पांच लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है।
मृतका के पति का आरोप है कि रंजिश में कत्ल किया गया है। पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है। गुरुबख्शगंज थाना क्षेत्र के मऊ निवासी राजरानी (60) की मंगलवार को मौत हो गई थी, जबकि उसका छह वर्षीय पोता जतिन घायल हो गया था।
खीरों क्षेत्र के सगुनी गांव के पास राजरानी का शव पाया गया था। परिवारीजनों का आरोप था कि सांड़ के हमले में राजरानी ने दम तोड़ा, जबकि पोता घायल हुआ था।
बुधवार को घटनास्थल से दस मीटर दूर खेतों में खून से सनी कुल्हाड़ी मिलने के बाद रहस्य गहरा गया था। इसके बाद पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हत्या की पुष्टि हुई थी।
महिला के पति राजाराम ने खीरों थाने में तहरीर देकर सगुनी ग्राम सभा के प्रधान नूरुद्दीन, उसके पुत्र गोले के अलावा जाकिर, जासिम और फतेहपुर निवासी हाफिज के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कराया।
उसका आरोप है कि भूमि विवाद को लेकर 2014 में सगुनी गांव निवासी एवं ग्राम प्रधान नूरुद्दीन से झगड़ा हुआ था। इसी वजह से सभी ने मिलकर उसकी पत्नी की हत्या की है।
एसओ संजय सिंह ने बताया कि मृतका के पति की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया गया है। घटनास्थल पर मिली कुल्हाड़ी को कब्जे में लेकर घटना कीजांच की जा रही है। मामले में कार्रवाई होगी।