शेखवाड़ा, चौहट्टा समेत चार मोहल्लों का जलापूर्ति शुरू
डलमऊ (रायबरेली)। नगर पंचायत डलमऊ में लोक निर्माण विभाग के ठेकेदार द्वारा नाला निर्माण के दौरान जेसीबी से तोड़ी गई पाइप लाइन को शुक्रवार को ठीक करा दिया गया। इसी के साथ प्रभावित चार मोहल्लों की जलापूर्ति चालू कर दी गई। इस मामले को लेकर इलाकाई लोगों ने प्रदर्शन किया था, जिसे शुक्रवार के अंक में प्रमुखता से प्रकाशित किया था।
गौरतलब है कि लोक निर्माण विभाग की ओर से कोतवाली चौराहे पर जेसीबी से नाले की खोदाई की जा रही थी। इसी दौरान जेसीबी मशीन से मिट्टी खोदते समय डलमऊ पेयजल योजना की मुख्य पाइप लाइन टूट जाने से मोहल्ला शेखवाड़ा, चौहट्टा, खटकाना व मोहल्ला टिकैत गंज की पेयजल आपूर्ति ठप हो गई थी, जिससे लगभग 5000 की आबादी में पेयजल का भारी संकट व्याप्त हो गया था। नगर पंचायत में सूचना के बावजूद पाइप लाइन नहीं ठीक कराई गई। इससे आक्रोशित मोहल्लावासियों ने नगर पंचायत डलमऊ दफ्तर का घेराव कर प्रदर्शन किया। नगर पंचायत के अफसरों के पेयजल आपूर्ति चालू करा देने के आश्वासन पर लोग शांत हो गए। इस पर शुक्रवार को पाइप लाइन ठीक करा दी गई।