अमेठी से चोरी बाइक बरामद, तीन गिरफ्तार
- दो हजार इनामी को भी पुलिस ने दबोचा
अमर उजाला ब्यूरो
रायबरेली। डीह पुलिस ने अमेठी से चोरी की गई बाइक बरामद कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस का दावा है कि इनका एक गिरोह है, जो लूट, चोरी की घटनाओं को अंजाम देता है। पूछताछ में कई घटनाओं का खुलासा हुआ है। इनके पास से नकदी, तमंचा समेत अन्य सामान बरामद किया गया है। पुलिस ने दो हजार रुपये के एक इनामी अपराधी को भी पकड़ा है।
पुलिस कार्यालय में रविवार को एसपी गौरव सिंह ने बताया कि थानेदार जीडी शुक्ला ने पुलिस टीम के साथ दिनेश सरोज निवासी देवा वर्मा नगर केप पास, धर्मपाल सरोज निवासी भमौरा थाना लालगंज अझारा जिला प्रतापगढ़ और प्रदीप सरोज निवासी भमौरा थाना लालगंज अझारा जिला प्रतापगढ़ को पकड़ा है।
इनके पास से अमेठी से चोरी की गई बाइक बरामद की गई है। साथ ही 11 हजार 600 रुपये, एक तमंचा, तीन कारतूस और एक लूटा को मोबाइल समेत अन्य बरामद किया गया है। एसपी ने बताया कि इन्हीं बदमाशों ने डीह, नसीराबाद थाना क्षेत्र में लूट व चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया था। एसपी ने बताया कि डीह पुलिस ने इनामी अपराधी किशन निवासी वार्ड नंबर दो कटरा बाजार परशदेपुर को पकड़ा है। इसकी गिरफ्तारी पर दो हजार रुपये का इनाम घोषित था। आरोपी कोर्ट में हाजिर नहीं हो रहा था।