रायबरेली। ऊंचाहार ब्लॉक के साधन सहकारी समिति सवैया हसन में किसानों को नकली खाद बेचने वाले सचिव के खिलाफ डीएम ने एफआईआर के आदेश दिए हैं। इस मामले में सचिव को पहले ही निलंबित करने के बाद अब सहायक निबंधक (सहकारिता) ने उन्हें सेवा से बर्खास्त कराने के लिए बोर्ड को पत्र लिखा है। समिति में नए सचिव की तैनाती कर दी है। एसडीएम ऊंचाहार की जांच रिपोर्ट आने व डीएम के कड़े रुख के बाद मनमानी करने वाले सचिवों में हड़कंप मच गया है।
दो महीने पहले किसानों की शिकायत पर तत्कालीन एसडीएम ऊंचाहार प्रदीप वर्मा ने साधन सहकारी समिति सवैया हसन से खाद का नमूना भरवाकर जांच के लिए भिजवाया था। जांच में नमूना फेल हो गया। इसके बाद भी समिति में रखी खाद का नमूना जांच के लिए भेजा गया है। किसानों के गुस्से के बाद समिति के सचिव बसंतलाल गुप्ता को निलंबित कर दिया गया था। इस मामले में एसडीएम ऊंचाहार ने जांच करके अपनी रिपोर्ट डीएम को सौंप दी।
एसडीएम की जांच रिपोर्ट पर डीएम नेहा शर्मा ने सहायक निबंधक को मामले में सचिव के खिलाफ एफआईआर के साथ ही अन्य कार्रवाई करने के आदेश दिए हैं। डीएम के गंभीर रुख के बाद विभाग में हड़कंप मच गया है। सहायक निबंधक ने समिति में नए सचिव की तैनाती करने के साथ ही निलंबित सचिव की बर्खास्तगी के लिए बोर्ड को पत्र भी भेज दिया है।
इनसेट
साधन सहकारी समिति सवैया हसन के सचिव के खिलाफ डीएम ने मुकदमा व अन्य कार्रवाई के आदेश दिए हैं। मामले में सचिव को पहले ही निलंबित कर दिया गया है। अब उसे सेवा से बर्खास्त करने के लिए बोर्ड को पत्र लिखा गया है। अन्य कार्रवाई भी शुरू कर दी गई है।
- एसएन मिश्रा, सहायक निबंधक (सहकारिता)