रायबरेली। पावर कॉर्पोरेशन की टीम ने गुरुवार को अभियान चलाकर 100 से ज्यादा उपभोक्ताओं के कनेक्शन चेक किए।
चेकिंग से बचने के लिए कुछ लोग दरवाजा बंद कर घरों में दुबके रहे तो कुछ लोग घरों में ताला बंद कर भाग गए। टीम ने 15 लोगों को बिजली चोरी करते पकड़ा। 11 बकायेदारों के कनेक्शन काटे गए।
शहर में सबसे ज्यादा बिजली चोरी अंदरून किला, किला बाजार, बड़ा कुआं, कहारों के अड्डा में होती है। इसके अलावा यहां के उपभोक्ता समय से बिजली बिल भी नहीं जमा करते हैं।
एक्सईएन ओपी सिंह के निर्देशन में बनी दो टीमों की देखरेख में चेकिंग अभियान चला। एसडीओ अमित कुमार श्रीवास्तव, अवर अभियंता उदेश कुमार, प्रवीण पांडेय, व टेस्ट डिवीजन के मीटर परीक्षक अमर बहादुर, जेई युद्धवीर की देखरेख में अंदरून किला व एसडीओ द्वितीय अनिल कुमार कुशवाहा व जेई एसपी यादव, हेमंत कुमार की रेखरेख में बड़ा कुआं क्षेत्र में छापेमारी की गई।
इस दौरान दोनों टीमों ने 100 से ज्यादा कनेक्शन चेक किए। इसमें 15 लोगों को मीटर बाईपास और सीधे कटिया लगाकर बिजली चोरी करते पकड़ा गया।
रीडरों की मनमानी हुई उजागर
छापेमारी के दौरान मीटर रीडरों की मनमानी भी उजागर हुई। कुछ उपभोक्ताओं के मीटर चेक किए गए, जिसमें तय भार से ज्यादा लोड पाया गया, लेकिन मीटर रीडर उस भार को बिल में नहीं दर्शाते थे। इससे साफ जाहिर है कि भार घटाकर रीडर विभाग को चूना लगा रहे हैं।