रायबरेली। जिला अस्पताल की इमरजेंसी कक्ष में शनिवार रात एक युवक ने खुद को आईटीबीपी कर्मी बताकर न सिर्फ हंगामा किया।
बल्कि ईएमओ, फार्मासिस्ट और अन्य स्टाफ को जान से मारने की धमकी दी। पान की पीच कपड़े में गिरने पर फार्मासिस्ट ने विरोध किया था।
बस इतनी सी बात पर वह भड़क गया और हंगामा किया। पुलिस को सूचना देने पर आरोपी रोगी को लेकर वहां से भाग निकला। प्रकरण से सीएमएस को अवगत करा दिया गया है। स्टाफ ने कार्रवाई की मांग की गई है।
देर रात इमरजेंसी कक्ष में तैनात ईएमओ डॉ. अतुल पांडेय रोगियों का इलाज कर रहे थे। साथ में फार्मासिस्ट राजकुमार उमराव भी रोगियों को वार्ड में जाने के लिए भर्ती प्रक्रिया कर रहे थे।
इसी बीच एक युवक महिला रोगी को लेकर इमरजेंसी कक्ष पहुंचा। युवक पान खाए था। पान की पीच फार्मासिस्ट के कपड़े पर गिर गई।
इस पर फार्मासिस्ट और वहां पर तैनात स्टॉफ ने विरोध किया तो उसने खुद को आईटीबीपी कर्मी बताकर हंगामा करना शुरू कर दिया।
ईएमओ व अन्य स्टाफ के साथ अभद्रता की और जान से मारने की धमकी दी। ईएमओ का कहना है कि मामले से सीएमएस को लिखित रूप से अवगत करा दिया गया है।
आए दिन इस तरह के बवाल हो रहे हैं, जिससे रोगियों का इलाज करने में दिक्कत होती है। सीएमएस डॉ. एनके श्रीवास्तव का कहना है कि उनकी जानकारी में मामला नहीं आया है। यदि ऐसा हुआ है तो कार्रवाई कराएंगे। कोतवाल अशोक सिंह ने बताया कि तहरीर मिलने पर एफआईआर दर्ज की जाएगी।