नवनीत सहगल बनाए गए जिले के नोडल अधिकारी
रायबरेली। हर महीने जिले के विकास की हकीकत परखने के लिए अब खादी एवं ग्रामोद्योग के प्रमुख सचिव नवनीत कुमार सहगल आएंगे।
अब तक जिले के नोडल अधिकारी रहे ग्रामीण अभियंत्रण सेवा के अपर मुख्य सचिव मो. इफ्तेखारुद्दीन को दूसरे जिले का नोडल अधिकारी बनाकर यहां का जिम्मा नवनीत सहगल को दिया गया है।
शासन ने कई जिलों के नोडल अधिकारी बदलकर दो दिवसीय कार्यक्रमों में भी संशोधन किया है। अब नोडल अधिकारी रात में शहरी क्षेत्रों में विकास के सच को भी जांचेंगे।
खादी एवं ग्रामोद्योग के प्रमुख सचिव नवनीत सहगल अगस्त माह में यहां दो दिवसीय दौरे पर आएंगे। शासन ने कार्यक्रम में संशोधन किया है। कार्यक्रम के पहले दिन नोडल अधिकारी सरकारी दफ्तरों में पहुंचकर निरीक्षण करेंगे।
अधिकारियों व कर्मचारियों की कार्यशैली देखेंगे। योजनाओं व विकास कार्यों की समीक्षा करेंगे। इसके बाद रात में नगरीय क्षेत्र के वार्डों में जाकर विकास का सच देखेंगे। दौरे के दूसरे दिन विकास कार्यों की समीक्षा के साथ ही गांव में चौपाल लगाएंगे।
बड़ी परियोजनाओं का सच जानेंगे। सीडीओ राकेश कुमार ने बताया कि, शासन स्तर से नोडल अधिकारियों में संशोधन किया गया है। अगस्त में दो दिवसीय दौरे पर नए नोडल अधिकारी आएंगे।