रायबरेली। शिवगढ़ थाना क्षेत्र में भाजपा मंडल उपाध्यक्ष एवं सेक्टर संयोजक गंगा सागर पांडेय की हत्या के बाद गांव में चहल पहल गायब है। गांव में सन्नाटा पसरा है। लोगों के चेहरे पर गम और गुस्सा साफ दिख रहा है। पीड़ित परिवार इंसाफ मांग रहा है। सुबह और शाम जहां पर लोग आपस में बैठकर गपशप करते थे। हंसी ठिठौली करते थे, वहां का नजारा अब बिल्कुल बदल गया है। पुलिस का साया दिख रहा है। कोई कुछ बोलने तक से कतरा रहा है। दो आरोपियों के अलावा अब तक प्रकरण में कोई भी आरोपी गिरफ्तार नहीं किया जा सका है, जो पुलिस की सुस्ती की कलई खोल रहा है। हालांकि पुलिस का दावा है कि जल्द हमलावर दबोचे जाएंगे।
शिवगढ़ थाना क्षेत्र के पहाड़पुर गांव निवासी गंगा सागर पांडेय (40) कसना क्षेत्र के भाजपा मंडल उपाध्यक्ष के साथ सेक्टर संयोजक थे। रास्ते के विवाद को लेकर गंगा सागर की बुधवार देर शाम तरीके से हत्या कर दी गई थी। इस मामले में मृतक के बड़े भाई क्षीर सागर पांडेय की तहरीर पर विजय कुमार शुक्ला, लालचंद्र शुक्ला, अजय कुमार शुक्ला, प्रेमचंद्र शुक्ला, अखिलेश शुक्ला, मोहित शुक्ला, शैलेंद्र शुक्ला, मंसाराम शुक्ला, शैलेंद्र अवस्थी, फूलचंद्र शुक्ला के खिलाफ मर्डर की एफआईआर दर्ज की गई है। इसमें लालचंद्र शुक्ला, शैलेंद्र अवस्थी को ही गिरफ्तार किया जा सका है। अन्य हमलावर अब तक नहीं पकडे़ जा सके हैं। लोगों के आक्रोश को देखते हुए गांव में अब भी कई थानों की फोर्स तैनात है। परिवारीजनों के साथ ही अन्य ग्रामीणों में गंगा सागर की हत्या से गुस्सा है। सभी गमगीन हैं और हत्या आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई किए जाने की मांग कर रहे हैं। एसपी सुजाता सिंह का कहना है कि हमलावरों की धरपकड़ के लिए कई पुलिस टीमें लगाई गई हैं।
चुनौती बना नए एसओ के लिए यह मर्डर
नए एसओ श्रीराम के लिए गंगा सागर पांडेय की हत्या चुनौती बन गई है। जिस दिन एसओ ने जॉइन किया, उसी दिन भाजपा मंडल उपाध्यक्ष कीहत्या कर दी गई। एक तो नई जगह और तुरंत घटना का हो जाना, नवागत एसओ को आरोपियों तक पहुंचने में टेढ़ी खीर साबित हो रहा है। अब देखना ये है कि नए एसओ पुलिस कप्तान की कसौटी पर कितना खरा उतर पाते हैं। हालांकि उनका दावा है कि आरोपियों की धरपकड़ के लिए प्रयास किए जा रहे हैं।