विरोध के बीच अवैध भवन सील, दो बिल्डरों को नोटिस
रायबरेली। शहर के अनवर नगर में बुधवार को अवैध निर्माण को सील कर दिया गया। बिल्डर ने आरडीए की टीम को भवन को सील करने से मना भी किया। विरोध बढ़ने के बाद टीम ने पुलिस बुला ली, जिसके बाद बिल्डर शांत हो गया। भवन को सील करके पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया। इसके अलावा दो और अवैध बिल्डरों को निर्माण का चालान करके नोटिस दिया गया है।
अनवर नगर में अवैध रूप से निर्माणाधीन अरशद के भवन को चालान पहले ही किया था। नोटिस देकर मैप पास कराकर प्रक्रिया को पूरी कराने के आदेश दिए गए थे, लेकिन बिल्डर ने आदेशों को ताक पर रखा। डीएम संजय कुमार खत्री के आदेश पर बुधवार को आरडीए के जेई रबीश अग्रवाल, धनेश कुमार और ईई मो. अहमद, विश्वनाथ की टीम भवन को सील करने के लिए मौके पर पहुंची। बिल्डर ने भवनों को सील करने से मना कर दिया। विरोध बढ़ने पर टीम ने पुलिस को बुला लिया जिसके बाद भवन को सील किया गया। इसके अलावा आरडीए ने सिविल लाइन स्थित मान बहादुर और एकता बिहार स्थित सविता देवी के भवन के निर्माण का चालान किया है। दोनों को नोटिस देकर जवाब मांगा गया है। आरडीए के अधिशासी अभियंता एके राय ने बताया कि कई और भवनों को सील करने के निर्देश अवर अभियंताओं को दिए गए हैं, जल्द ही उन भवनों को भी सील किया जाएगा।