‘हार से सबक लें खिलाड़ी’
रायबरेली मोतीलाल नेहरू स्टेडियम में पंडित दीनदयाल उपाध्याय जन्म शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में भाजपा की ओर से रविवार को आयोजित खेल उत्सव में मुख्य अतिथि क्षेत्रीय संगठन मंत्री बृज बहादुर एवं राष्ट्रीय अनुसूचित आयोग के राष्ट्रीय अध्यक्ष रामशंकर कठेरिया ने कहा कि खेल में हार और जीत तो होती ही है।
हार से सबक लेकर खिलाड़ियों को खामियां दूर कर नए सिरे से प्रयास करना चाहिए। खिलाड़ी को कभी निराश नहीं होना चाहिए। वॉलीबॉल मैच पीएसी एवं घुरवारा की टीम के मध्य हुआ। इसमें पीएसी की टीम विजयी हुई। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए जिलाध्यक्ष दिलीप यादव ने कहा कि खेलकूद से आपसी प्रेम बढ़ता है। वॉलीबॉल टीम कोच सलामत उल्लाह खान ने टीम का परिचय कराया। कार्यक्रम के संयोजक शिवम सिंह, मनीष त्रिवेदी, जय तलरेजा, अनीता श्रीवास्तव आदि लोग मौजूद रहे।