बाबूगंज-पटेरवा मार्ग धंसा, चार पहिया वाहनों का संचालन रोका
रोहनिया (रायबरेली)। ऊंचाहार तहसील क्षेत्र के लक्ष्मीगंज के पास अचानक पक्की सड़क धंस गई। सड़क के बीचोबीच तीन फीट गहरा गड्ढा हो गया। पुलिस ने गड्ढे के आसपास के बैरीकेडिंग कराकर चार पहिया वाहनों का आवागमन बंद करा दिया है। पीडब्ल्यूडी ने सड़क की मरम्मत का काम शुरू करा दिया। इस मार्ग से प्रतिदिन दो से ढाई हजार लोगों का आवागमन रहता है।
बाबूगंज से पटेरवा रोड से सोमवार को सवेरे एक ट्रक के गुजरने के बाद लक्ष्मीगंज के निकट हटवा मोड़ पर अचानक रोड धंस गई। देखते ही देखते रोड में करीब तीन फीट से अधिक का लंबा-चौड़ा गड्ढा हो गया। इससे आवागमन अवरुद्ध हो गया। वहीं सड़क धंसने की खबर से आस पास के गांवों के लोग किसी अनहोनी की आशंका से जमा हो गए। सूचना के बाद प्रशासन व पुलिस के लोग भी पहुंचे। मौके पर पहुंचे कोतवाल धनंजय सिंह ने किसी अनहोनी से बचने के लिए गड्ढे के आसपास बैरीकेडिंग करके चार पहिया वाहनों का आवागमन रोक दिया। सूचना के बाद पीडब्ल्यूडी के कर्मचारी भी वहां पहुंचे और मरम्मत कार्य शुरू कराया। आवागमन बंद होने से बाबूगंज, सलोन क्षेत्र के लोगों को ऊंचाहार आने-जाने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। एसडीएम मदन कुमार ने बताया कि मामले की सूचना मिली है। पीडब्ल्यूडी के कर्मियों को सूचना दी गई है। पीडब्ल्यूडी के एक्सईएन अजय कुमार ने बताया कि ग्रामीण मार्ग कई साल पहले बना है। कर्मचारियों को मौके पर भेजकर गड्ढे को भराई का काम शुरू करा दिया गया है।