रायबरेली। यूपी बोर्ड की 10वीं और 12वीं की प्री-बोर्ड परीक्षाओं के दौरान मंगलवार को कड़ी सुरक्षा निगरानी से विद्यार्थियों को बोर्ड परीक्षा जैसे माहौल का अहसास हुआ। मंगलवार को हाईस्कूल और इंटरमीडिएट के बच्चों की परीक्षा एक साथ होने के कारण जिले के सभी 352 माध्यमिक विद्यालयों में 68 हजार से अधिक छात्र-छात्राएं परीक्षा में शामिल हुए। यूपी बोर्ड की परीक्षा अगले माह 18 फरवरी से 12 मार्च तक संचालित होगी।
परीक्षा के चौथे दिन मंगलवार को एक पाली में सुबह 11 बजे से दोपहर 2:15 बजे तक परीक्षा आयोजित हुई। इसमें 10वीं एवं 12वीं के बच्चे एक साथ शामिल हुए। हाईस्कूल में अंग्रेजी की परीक्षा हुई तो इंटर में नागरिक शास्त्र, सैन्य विज्ञान, कृषि भाग एक व दो, व्यावसायिक वर्ग, भूगोल व उर्दू की परीक्षा कराई गई। जीआईसी प्रधानाचार्य रत्नेश कुमार ने बताया कि प्री-बोर्ड परीक्षाएं सीसीटीवी कैमरे की निगरानी में कराई जा रही है। हिंदी विषय की परीक्षा में कितने परीक्षार्थी उपस्थित रहे, इस बारे में सभी विद्यालयों से ब्योरा मांगा जा रहा है।
हाईस्कूल की प्री परीक्षा में 25 परीक्षार्थी रहे अनुपस्थित
डीह ब्लॉक क्षेत्र के राजकीय इंटर कालेज डीह में आयोजित प्री परीक्षा में मंगलवार को अंग्रेजी की परीक्षा आयोजित की गयी जिसमें हाईस्कूल में नामांकित 305 बच्चों में 280 बच्चे परीक्षा देने पहुंचे। प्रधानाचार्य डॉ. रजनीश प्रकाश तिवारी ने बताया की हाईस्कूल में 280 बच्चों ने परीक्षा दी।